
– हर महीने हो रही है अवैध वसूली इसलिए नहीं हो रही अवैध उत्खननकर्ताओं पर कार्रवाई
– करैरा, नरवर व पिछोर में बड़े पैमाने में चल रहा है रेत का अवैध उत्खनन
शिवपुरी। नरवर क्षेत्र के ग्राम कटेंगरा एवं मौजपुरा में पुलिस द्वारा अवैध उत्खनन का मामला पकड़े जाने के बाद शिवपुरी खनिज विभाग विभाग की माईनिंग ऑफीसर सोनल तोमर और इंस्पेक्टर सुजान सिंह लोधी कटघरे में हैं। पुलिस द्वारा बड़ा मामला अवैध उत्खनन का पकड़े जाने के बाद माईनिंग विभाग के इन दोनों अफसरों पर निलंबन या अन्य विभागीय कार्रवाई की गाज गिर सकती है। सूत्रों ने बताया है कि पुलिस भी अपनी ओर से गुप्त रिपोर्ट बरिष्ठ अफसरों को भेज रही है कि किस तरह से रेत का अवैध कारोबार में जिले के कुछ अफसर मिलीभगत कर इसे अंजाम दिलवा रहे हैं। कटेंगरा एवं मौजपुरा में रेत का अवैध खनन पकड़े जाने की पूरी रिपोर्ट भी कलेक्टर शिल्पा गुप्ता के पास पहुंच चुकी है। ऐसे में खनिज विभाग की माईनिंग ऑफीसर सोनल तोमर और इंस्पेक्टर सुजान सिंह लोधी पर बड़ी कार्रवाई के आसार हैं। सूत्रों ने बताया कि खनिज विभाग को पूरी जानकारी है कि कहां पर जिले में अवैध उत्खनन हो रहा है लेकिन यह जिम्मेदार अधिकारी कार्रवाई से बचते हैं। खनिज विभाग के अफसरों की सेटिंग इससे जाहिर होती है कि यहां पर पदस्थ माईनिंग ऑफीसर सोनल तोमर का कुछ समय पहले शिवपुरी से ट्रांसफर हो चुका है लेकिन वह स्टे लेकर अपनी कुर्सी पर जमी हुई हैं। विवादित इंस्पेक्टर सुजान सिंह लोधी चार साल से शिवपुरी में पदस्थ हैं। कई बार इनकी शिकायतें हुई लेकिन एक ही इंस्पेक्टर होने का यह चार साल से विभाग में फायदा उठा रहे हैं।
सिंध नदी और सोनचिरैया अभ्यारण्य बना रेत का ठिकाना
इस समय रेत का अवैध कारोबार नरवर के सिंध नदी के किनारे और करैरा के सोन चिरैया अभ्यारण्य में जमकर हो रहा है। पिछले दो साल से यहां पर रेत माफिया सक्रिय हैं और समय-समय पर कई बार यह पकड़ में भी आएं हैं लेकिन छोटी-मोटी कार्रवाई कर मामले दबा दिए गए। इस पूरे खेल में खनिज विभाग के अलावा कुछ थानों की पुलिस और वन विभाग भी शामिल है।
पुलिस के बाद चेता खनिज महकमा
पुलिस द्वारा नरवर के कटेंगरा एवं मौजपुरा में अवैध उत्खनन की पोल खोले जाने के बाद शनिवार को खनिज विभाग भी एकाएक सक्रिय हुआ और दिखावे के लिए सुरवाया और भानगढ़ के पास से कुल 4 डंपर और एक टै्रक्टर पकड़े जाने की कार्रवाई की है।
क्या कहते हैं इंस्पेक्टर
हमारी किसी से सेटिंग नहीं हैं। जब-जब अवैध उत्खनन की सूचना मिलती है हम कार्रवाई करते हैं। पिछले दिनों जब हमने नरवर व सतनवाड़ा में कार्रवाई की थी तो टै्रक्टर मिले थे डंपर नहीं, इसलिए हम कार्रवाई नहीं कर पाए थे।
सुजान सिंह लोधी
इंस्पेक्टर, खनिज विभाग शिवपुरी






Be First to Comment