Press "Enter" to skip to content

झमाझम बारिश से निचली बस्तियों में भरा पानी, नदी-नाले उफाने

मौसम विभाग ने जारी की थी भारी बारिश की चेतावनी
शिवपुरी। बीते दिनों प्रदेश के कई जिलों में मौसम विभाग द्वारा भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई थी जिसमें शिवपुरी भी शामिल था और मौसम विभाग की चेतावनी अब सच होती दिख रही है। रात में शुरू हुर्ई झमाझम बारिश दोपहर तक जारी थी। झमाझम बारिश के कारण जिले भर में नदी, नाले उफान पर आ गए। गांव से लेकर शहरी इलाकों के रास्तों में पानी भर जाने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। वहीं शहर में निचली बस्तियों में निवासरत लोगों के घरों में पानी भर गया जिस कारण लोगों की घर गृहस्थी का सामान भींग गया। सबसे ज्यादा हालत विष्णु मंदिर के पीछे स्थित मोहन नगर कॉलोनी, पुरानी शिवपुरी, आदर्श नगर, फतेहपुर, घोसीपुरा, कमलागंज, नवाब साहब की है जहां गलियों मेें एक से दो फीट तक पानी भर गया जहां मोहननगर कॉलोनी में तो लोगों की गाडिय़ां तक डूब गईं।
कल से हो रही रुक-रुक कर बारिश के बाद आज सुबह से ही हुई जोरदार बारिश ने शहर को पानी से लबालब कर दिया है। पुराना बस स्टैंड पर स्थित नाले में रात में हुई हल्की बारिश से ही पानी का बहाव तेज हो गया था। वही आज सुबह की बारिश से नाला उफान पर है पुरानी शिवपुरी क्षेत्र मैं नाला भी उफान पर आ गया है। सुबह से हल्की हल्की बूंदाबांदी के बाद 9 बजे शुरू हुई तेज बारिश दोपहर तक जारी थी जिससे स्थिति काफी भयावह होती जा रही है। शहर की निचली बस्तियों में पानी भर गया है झांसी तिराहा पर पानी भरने से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। वही संजय कॉलोनी सहित अन्य क्षेत्रों में भी यही स्थिति बनी हुई है। विष्णु मंदिर क्षेत्र में यह स्थिति है कि सड़कों पर घुटने घुटने तक पानी बह रहा है जिससे वहां नीचे स्थित मकानों में पानी आ गया और लोग अपने घरों से पानी निकालने के तमाम प्रयासों में जुटे हुए हैं।

पुराना नगर पंचायत भवन गिरा, मलबे में दबकर बालिका घायल 

कल शाम से लगातार हो रही बारिश के कारण करैरा कस्बे में स्थित नगर पंचायत का पुराना भवन भरभराकर गिर गया। इस दौरान कोचिंग जा रही एक छात्रा मलबे में दबकर घायल हो गई। जिसे स्थानीय लोगों ने गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया है। घटना के 2 घंटे बाद भी मौके पर कोई प्रशासनिक अधिकारी नहीं पहुंचा जिससे लोगों में काफी नाराजगी देखी गई। आज सुबह एक बालिका साहिबा पुत्री हाई खान निवासी मुढरीपुरा कोचिंग जा रही थी। जैसे ही वह अनुपम टॉकीज से होते हुए पुरानी तहसील के पास बने पुराने नगर पंचायत भवन तक पहुंची उसी दौरान नगर पंचायत की इमारत भरभराकर गिर गई जिससे साहिमां मलबे में दब गई। जब यह घटना वहां मौजूद लोगों ने देखी तो तुरंत ही बचाव कार्य शुरू किया और बालिका को मलबे से बाहर निकाला। इसके बाद उसे अस्पताल ले गए जहां बालिका की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की जानकारी तुरंत ही स्थानीय लोगों ने प्रशासनिक अधिकारियों और नगर पंचायत कर्मियों को दी, लेकिन घटना के 2 घंटे बीत जाने के बाद भी कोई मौके पर नहीं पहुंचा।

इमारत के गिरने से बिजली खम्बा टूटा, फैला करंट

करैरा में पुराने नगर पंचायत भवन बारिश के कारण गिरने से वहां लगा एक बिजली का खम्बा भी टूट गया जिससे क्षेत्र में करंट फैल गया। हालांकि खम्बा टूटने की सूचना मिलने पर ही बिजली विभाग द्वारा विद्युत सप्लाई बंद कर दी गई जिससे वहां एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया। बिजली का खंबा टूटने से क्षेत्र की बिजली सप्लाई बंद हो गई जिससे लोग काफी परेशान होते देखे गए।
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!