
शिवपुरी। लुकवासा के देहरदा तिराहे पर शुक्रवार की दोपहर पांच साल की बच्ची लावारिश हाल मिली है। डायल 100 पर सूचना के बाद गाड़ी मौके पर पहुंची। बच्ची को लुकवास पुलिस चौकी लाया गया। बच्ची अपना नाम चांदनी और पिता का नाम सुनील बता रही है। इसके बाद लुकवासा चौकी प्रभारी बदनसिंह पाल द्वारा बच्ची को परिजनों से मिलने के प्रयास शुरू कर दिए। चौकी प्रभारी श्री पाल द्वारा मीडिया एवं सोशल मीडिया के माध्यम से सूचना प्रसारित करवाई। इसके बाद आज सुबह चांदनी को अपनी मां को सौंपा।
लुकवासा चौकी प्रभारी बदन सिंह पाल ने बताया कि बच्ची का नाम चांदनी आदिवासी है। उसकी रामा बाई आदिवासी अपनी ससुराल दीगोद थाना बदरवास से चांदनी को लेकर देहरदा तिराहे आई थी। इसी दौरान रामा ईसागढ़ के लिए बस में बैठ गई और चांदनी वहीं पर खड़ी रह गई। इसके बाद जब रामा ईसागढ़ पहुंची तब उसने देखा कि उसकी बच्ची बस में नहीं है। श्री पाल ने बताया कि इसी दौरान बस के कंडेक्टर ने अपने मोबाइल पर बच्ची का मैसेज देखा और रामा को बताया। इसके बाद रामा वापस लौटकर आई। श्री पाल ने बताया कि रात्रि में ही उन्हें बच्ची की पूरी जानकारी मिल गई थी। आज सुबह लुकवासा चौकी पुलिस ने बच्ची को उसकी मां के हवाले कर दिया। अपनी बच्ची मिलने के बाद रामा ने लुकवासा चौकी प्रभारी बदनसिंह पाल एवं उनके स्टाफ को धन्यवाद दिया।




