शिवपुरी। पोहरी के सोनीपुरा कॉलोनी की महिलाओं ने अघोषित बिजली कटौती से परेशान होकर बिजली कार्यालय का घेराव कर वहां जमकर नारेबाजी की जिसकी सूचना पाकर तहसीलदार मौके पर पहुंचे जिन्होंने महिलाओं को समझाया और आश्वासन दिया कि जल्द ही उनकी समस्या का हल कर दिया जाएगा। इस दौरान तहसीलदार ने बिजली विभाग के अधिकारियों से भी चर्चा की जिन्होंने उन्हें बताया कि दो-तीन दिन से ट्रांसफार्मर खराब हो गया है जिस कारण विद्युत सप्लाई नहीं हो पा रही है जिस पर तहसीलदार ने ट्रांसफार्मर को बदलने का निर्देश विद्युत कर्मचारियों को दिया।
जानकारी के अनुसार पिछले कई दिनों से सोनीपुरा कॉलोनी में अघोषित बिजली कटौती की जा रही थी जिस कारण कॉलोनीवासी को महज तीन से चार घंटे ही लाइट उपलब्ध हो रही थी। चूंकि इस समय बारिश का मौसम है और ग्रामीण क्षेत्रों सहित कॉलोनियों में जहरीले जीवों का खतरा बना रहता है। लाइट न आने के कारण सर्वाधिक परेशानी महिलाओं को हो रही थी जिससे कल गांव की सभी महिलाएं एकत्रित होकर बिजली कार्यालय पहुंचीं जहां उन्होंने घेराव कर दिया और वहां जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। यह देख वहां मौजूद कर्मचारी कार्यालय छोड़कर चले गए वहीं बिजली अधिकारियों ने भी वहां आना मुनासिब नहीं समझा। काफी देर तक महिलाएं बिजली कार्यालय पर बैठी रहीं जिसकी जानकारी पोहरी तहसीलदार को लगी तो वह मौके पर पहुंचे जिन्होंने महिलाओं से चर्चा की और उन्हें आश्वस्त किया कि जल्द ही उनकी समस्या हल कर दी जाएगी। तहसीलदार के आश्वासन के बाद महिलाएं वहां से चली गईं।
इनका कहना है
सोनीपुरा कॉलोनी के लोग उनके कार्यालय पहुंचे थे जो बिजली सप्लाई की मांग कर रहे थे। चूंकि उस क्षेत्र का ट्रांसफार्मर खराब है जिसे बदलने की प्रक्रिया चल रही है और जल्द ही नया ट्रांसफार्मर वहां रख दिया जाएगा जिससे लोगों की परेशानी खत्म हो जाएगी।
नरोत्तम जाटव जेई पोहरी





Be First to Comment