Press "Enter" to skip to content

विद्यादेवी हॉस्पिटल के सामने मयूर मेडिकल ने फ़ेंकी एक्सपायरी दवाएं, नगर पालिका ने 25 हजार का जुर्माना लगाया / Shivpuri News

शिवपुरी: शहर की थीम रोड स्थित आईटीबीपी गेट नंबर के पास बस प्रतीक्षालय के पास एक्सपायरी दवाएं मिलीं। इनमें सीरप सहित वर्ष 2023, 2024 और नवंबर 2025 तक की एक्सपायरी डेट वाली दवाएं शामिल थीं।

जांच में सामने आया कि ये दवाएं विद्यादेवी हॉस्पिटल के सामने संचालित मयूर मेडिकल एंड सर्जिकल ने फेंकी थीं। जब नगरपालिका टीम मेडिकल स्टोर पहुंची, तो संचालक महेंद्र कुमार गुप्ता ने स्वयं दवाएं फिकवाने की बात स्वीकार की।

गुप्ता ने बताया कि कुछ दवाएं एजेंसी ने गलत भेजी थीं, जिन्हें वापस नहीं लिया गया। वहीं, कुछ दवाएं एक्सपायर हो चुकी थीं, इसलिए उन्हें सड़क किनारे फिंकवाया गया। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि इससे पहले भी वह नगर पालिका के डंपिंग क्षेत्र में एक्सपायरी दवाएं फिंकवा चुके हैं।

दूसरी ओर इस मामले में विद्यादेवी हॉस्पिटल का नाम जुड़ने पर हॉस्पिटल संचालक डॉ. राजेंद्र गुप्ता ने स्पष्ट किया कि उनका मेडिकल स्टोर से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने बताया कि उनके अस्पताल में भर्ती मरीज शहर के किसी भी मेडिकल स्टोर से दवाएं खरीद सकते हैं।

डॉ. गुप्ता ने यह भी बताया कि उनके हॉस्पिटल का मेडिकल वेस्ट चंदेरी में संचालित मेडिकल वेस्ट निस्तारण केंद्र उठाता है, जिसके लिए वे मासिक पेमेंट करते हैं।

नगर पालिका के अतिक्रमण हटाओ प्रभारी अशोक कुमार खरे ने जानकारी दी कि खुले में दवाएं और मेडिकल वेस्ट फेंकना कानूनी अपराध है। मयूर मेडिकल एंड सर्जिकल की एक्सपायरी दवाओं को सड़क किनारे फेंकने पर संचालक महेंद्र गुप्ता पर 25 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है। उन्हें भविष्य में ऐसी गलती न करने की चेतावनी भी दी गई है, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!