शिवपुरी। खबर कलेक्ट्रेट कार्यालय से है, जहां ग्राम परिच्छा अहीर, तहसील पोहरी निवासी मनोज शिवहरे ने शादी कराने के नाम पर 1 लाख रुपये की ठगी, महिला को बहला-फुसलाकर ले जाने और बाद में झूठे केस में फँसाने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाते हुए जिलाधीश से कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित के अनुसार, ग्राम मनियर निवासी गजराज सिंह ने उसे शादी कराने का भरोसा दिया और लखी रघुवंशी नाम की महिला को उसके घर भेजा, लेकिन कुछ दिन बाद महिला को बहाना बनाकर ले गया और वापस नहीं लौटाया।
जानकारी के मुताबिक, गजराज सिंह और उसके जीजा परसराम ने मनोज व उसकी माँ को विश्वास दिलाया कि वह महिला लखी रघुवंशी निवासी देहरदा, कोलारस से उसकी शादी करवाएगा और इसके बदले 1 लाख रुपये पहले देने होंगे। मनोज ने अपनी जमीन बेचकर यह राशि गजराज को दे दी। इसके बाद 29 अगस्त 2025 को दोनों पक्षों को कोर्ट ले जाकर 500 रुपये के स्टाम्प पर लिखित मनामा तैयार कराया गया, जिसमें दोनों के हस्ताक्षर व गवाहों के दस्तखत दर्ज हुए। महिला 15 दिन तक मनोज के घर भी रही, जहाँ परिवार ने उसे पूरी सुविधा प्रदान की।
पीड़ित के अनुसार, अचानक एक दिन गजराज महिला को घर पुतवाने का बहाना बनाकर ले गया और दो दिन बाद वापस लाने का आश्वासन दिया, लेकिन महिला वापस नहीं आई। मनोज और उसकी माँ जब गजराज के घर पहुँचे तो उसने महिला के आने से इनकार कर दिया, उल्टा धमकी दी कि यदि किसी थाने में रिपोर्ट की तो बलात्कार का झूठा केस लगवा देगा और जान से मरवा देगा। बाद में जब मनोज ने महिला से फोन पर बात की तो उसने खुलकर कहा कि वह छह जगह बिक चुकी है, और उनसे या गजराज से कोई भी पैसे वापस नहीं ले सकता।
मनोज ने 7 नवंबर को पुलिस थाना पोहरी और अन्य अधिकारियों को आवेदन दिया, लेकिन एफआईआर दर्ज करने के बजाय महिला की गुमशुदगी दर्ज कर ली गई, जबकि गजराज खुलेआम घूम रहा है और लगातार धमकियाँ दे रहा है। पीड़ित ने जिलाधीश से गुहार लगाई है कि गजराज सिंह खंगार और महिला लखी रघुवंशी के खिलाफ धोखाधड़ी, धमकी और रकम हड़पने का अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए तथा उसका 1 लाख रुपये वापस दिलाए जाएँ। साथ ही स्वयं और अपनी माँ की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी की है।







Be First to Comment