Press "Enter" to skip to content

माधव चौक पर दिनदहाड़े गुंडागर्दी: मोबाइल व्यापारी विवेक गोयल को लाठियों से पीटा, भाई पर धारदार हथियार से वार / Shivpuri News

शिवपुरी। शहर के दिल माधव चौक पर शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब विवेक सेल्स कार्पोरेशन के मोबाइल व्यापारी विवेक गोयल एवं उनके स्टाफ पर दो बदमाशों ने फिल्मी स्टाइल में हमला कर दिया। आरोपी सनी कर्माबत अपने एक साथी के साथ बिना नंबर की बुलेट बाइक से पहुंचा और बीच सड़क पर व्यापारी विवेक गोयल व स्टाफ को लाठियों से बेरहमी से पीट डाला। बचाने आए विवेक गोयल के भाई पर भी आरोपियों ने धारदार हथियार से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना इतनी अचानक हुई कि पलभर में पूरा इलाका दहशत में भर गया। दुकानदारों और स्टाफ ने किसी तरह पीड़ितों को बचाया। हमले के बाद आक्रोशित व्यापारी बड़ी संख्या में कोतवाली पहुंच गए और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।


मोबाइल विवाद ने ली खौफनाक शक्ल

बताया गया कि करीब 15–20 माह पहले आरोपी अपना मोबाइल रिपेयरिंग के लिए दुकान पर जमा कर गए थे, जिसे वे लंबे समय तक लेने नहीं आए। दीपावली पर जब आरोपी मोबाइल लेने पहुंचे तो व्यापारी विवेक गोयल ने उन्हें बताया कि दुकान का नियम है कि मोबाइल 3 से 6 महीने के भीतर ले जाना होता है। इसके बावजूद विवेक गोयल ने कहा कि दीपावली की सफाई चल रही है, मोबाइल मिल जाएगा। इसी बात पर आरोपी भड़क गए और आज फिल्मी अंदाज में आकर धमकाते हुए इस वारदात को अंजाम दे दिया।

विधायक देवेन्द्र जैन भी पहुंचे, बोले – ऐसी बीमारी जड़ से खत्म होनी चाहिए

मामला गंभीर देखते हुए शिवपुरी विधायक देवेन्द्र जैन भी कोतवाली पहुंचे। उन्होंने टीआई कृपाल सिंह से कहा कि शहर में ऐसी गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसी बीमारी को जड़ से खत्म होना चाहिए। इन गुंडों को सख्त सजा दी जाए। पुलिस अपनी भूमिका मजबूती से निभाए। हम शहर में गुंडागर्दी नहीं होने देंगे।


पुलिस बोली – हम व्यापारियों के साथ हैं
टीआई कृपाल सिंह ने आश्वस्त किया कि वे व्यापारियों के साथ हैं और आरोपियों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने हमलावरों पर कड़ी धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!