प्रिंस प्रजापति शिवपुरी। जिले के पिछोर जनपद के जनशिक्षा केंद्र मनपुरा अंतर्गत शासकीय प्राथमिक विद्यालय बनिहाँपुरा में पदस्थ शिक्षक किशनलाल शिवहरे पर सरकारी किताबें कबाड़ में बेचने का गंभीर आरोप लगा है। वायरल वीडियो में स्पष्ट नजर आ रहा है कि स्कूल से सरकारी किताबें लोडिंग वाहन पर लाकर इलेक्ट्रॉनिक कांटे से तोली जा रही हैं। पास खड़ा व्यक्ति कहता सुनाई दे रहा है कि करीब एक क्विंटल किताबें स्कूल में मिलेंगी।
यह मामला शिक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है कि आखिर बच्चों का भविष्य अब कबाड़ के भाव क्यों बिक रहा है। वहीं, वरिष्ठ अधिकारी मामले से पल्ला झाड़ते नजर आए।
शिक्षक किशनलाल शिवहरे ने सफाई देते हुए कहा कि किताबों में दीमक लग गई थी और स्कूल की सफाई के निर्देश पर 50–60 किलो पुरानी पुस्तकें कबाड़ी को बेच दीं। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि पुस्तकें सरकारी थीं।
इस पर वीआरसीसी पिछोर सुरेश गुप्ता ने कहा कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है, परंतु जांच कराई जाएगी। अब देखने वाली बात यह है कि क्या इस शर्मनाक कृत्य पर विभाग सख्त कार्रवाई करता है या फिर मामला फाइलों में ही दब जाएगा।







Be First to Comment