शिवपुरी: जिले की बैराड़ पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान के बारा जिले के एक तस्कर को स्मैक की सप्लाई देने आते समय गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से 51.30 ग्राम स्मैक, एक इलेक्ट्रॉनिक तोलकांटा और एक बाइक सहित कुल 10 लाख 50 हजार रुपये का माल जब्त किया गया है।
थाना प्रभारी सुरेश शर्मा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ के निर्देश पर चलाए जा रहे अवैध मादक पदार्थ विरोधी अभियान के तहत शनिवार शाम मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने फुलीपुरा चौराहा, झिरी-शिवपुरी रोड पर घेराबंदी की। इस दौरान नीली-ग्रे जैकेट और हल्के आसमानी रंग की पैंट पहने एक व्यक्ति काली हीरो डीलक्स मोटरसाइकिल (RJ28 SC4649) से आता दिखा, जिसे रोककर पकड़ा गया।
पूछताछ में उसने अपना नाम हेमराज लोधा (46), निवासी ग्राम सेमला, थाना बापचा, जिला बारा, राजस्थान बताया। तलाशी में उसकी जेब से 51.30 ग्राम स्मैक और एक इलेक्ट्रॉनिक तोलकांटा बरामद हुआ। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह यह स्मैक बैराड़ निवासी जितेंद्र प्रजापति को बेचने जा रहा था और उसे 2800 रुपये प्रति ग्राम के भाव से देता था। हेमराज ने यह भी कबूल किया कि वह पहले भी कई बार जितेंद्र को स्मैक की सप्लाई कर चुका है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जब्त माल की कुल कीमत 10 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस अब आरोपी से तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों के बारे में पूछताछ कर रही है।







Be First to Comment