शिवपुरी: जिले के खनियाधाना थाना क्षेत्र के मुहारीकला गांव में सोमवार-मंगलवार की रात अज्ञात लोगों ने अंबेडकर भवन के बाहर डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कर दी। सुबह जब ग्रामीण उठे, तो मूर्ति देखकर हैरान रह गए।
घटना की जानकारी मिलते ही भीम आर्मी और अन्य सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रतिमा का माल्यार्पण किया और बाबा साहब अमर रहें के नारे लगाए। ग्रामीणों की भीड़ बढ़ने पर क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया।
यह मामला पिछोर विधानसभा क्षेत्र का है, जहां इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। कई बार रातोंरात मूर्तियां स्थापित करने और बाद में खंडित किए जाने से क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी थी। स्थानीय लोग मानते हैं कि प्रशासन के सख्त कदम न उठाने से ऐसी घटनाएं रुक नहीं पा रही हैं।
सूचना मिलते ही खनियाधाना थाना प्रभारी गब्बर सिंह गुर्जर मौके पर पहुंचे। तहसीलदार और राजस्व विभाग की टीम ने भी स्थल का निरीक्षण किया। फिलहाल मौके पर शांति बनी हुई है, और प्रशासन ने प्रतिमा स्थापना के संबंध में जांच शुरू कर दी है।







Be First to Comment