शिवपुरी: जिले के रायश्री गांव में शनिवार देर शाम एक फार्म पर काम करने वाले मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान कोलारस थाना क्षेत्र के गोराटीला गांव निवासी 50 वर्षीय राजाराम आदिवासी के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, राजाराम अपनी पत्नी के साथ रायश्री गांव के एक फार्म पर रहकर मजदूरी करता था। शनिवार शाम उसकी पत्नी पानी भरने गई थी। इसी दौरान राजाराम को उल्टियां आने लगीं और उसकी तबीयत बिगड़ गई।
जब पत्नी वापस लौटी, तो उसने राजाराम को गंभीर हालत में पाया। वह तत्काल उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के भतीजे ने पुलिस को बताया कि राजाराम प्रतिदिन शराब का सेवन करता था। शनिवार को उसने फार्म पर ही रहने वाले एक अन्य व्यक्ति के साथ शराब पी थी। भतीजे ने आशंका जताई है कि मौत या तो जहरीली शराब पीने से हुई है, या फिर दोनों के बीच हुए विवाद के बाद राजाराम ने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया होगा।
अस्पताल चौकी पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है। रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस अब मजदूर की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए गहनता से जांच कर रही है।







Be First to Comment