शिवपुरी: जिले के बैराड़ थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक सड़क हादसे में 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा टोरिया रोड पर हुआ, जब एक मोर से बाइक टकराने के बाद वह सामने से आ रही ट्रैक्टर ट्रॉली से जा भिड़ी। इस घटना में मृतक का 15 वर्षीय चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, बैराड़ निवासी सब्बीर खान (27) पेशे से ड्राइवर थे। वह शुक्रवार को अपने वाहन मालिक से पैसे लेने के लिए अपने 15 वर्षीय चचेरे भाई नौशाद के साथ गौंदरी जा रहे थे।
टोरिया रोड पर अचानक एक मोर सड़क पार करते हुए बाइक के सामने आ गया। मोर से टकराने के बाद बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह अनियंत्रित होकर सामने से आ रही ट्रैक्टर ट्रॉली से टकरा गई।
हादसे के बाद दोनों घायलों को बैराड़ के स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने सब्बीर खान को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल नौशाद को प्राथमिक उपचार के बाद शिवपुरी के एक निजी अस्पताल रेफर किया गया है। बैराड़ पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







Be First to Comment