शिवपुरी: जिले के पोहरी अनुविभाग अंर्तगत आने वाले गोवर्धन में स्कूटी से उछली कीचड़ को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद जानलेवा बन गया था। विवाद इतना बढ़ा कि गांव के कुछ लोगों ने एक ही परिवार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया था, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। मामला शिवपुरी जिले के थाना गोवर्धन क्षेत्र का है।
थाना प्रभारी उपनिरीक्षक रविंद्र सिंह कुशवाह ने बताया कि 10 अक्टूबर की रात करीब 9:30 बजे फरियादी अमन जादौन ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि गांव के राहुल उर्फ बिड्डू तोमर, रघुवीर तोमर, बलबीर तोमर, लोकेन्द्र तोमर, शिवम तोमर और कुलदीप तोमर ने कीचड़ उछलने के झगड़े पर उनके परिवार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया था।
हमले में फरियादी अमन, उसके पिता माधौसिंह, चाचा बलवीर और मनीष जादौन गंभीर रूप से घायल हुए थे। इलाज के लिए ग्वालियर ले जाते समय चाचा बलवीर जादौन की रास्ते में मौत हो गई थी।
गोवर्धन पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़, एएसपी संजीव मुले और एसडीओपी आनंद राय के निर्देशन में की गई कार्रवाई में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर से तीन आरोपियों राहुल उर्फ बिट्टू तोमर (26), रघुवीर तोमर (55) और बलवीर उर्फ गुट्टा तोमर (41) को ग्राम कन्हार के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाठी-डंडे भी जब्त किए हैं। फरार अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की दबिश जारी है।







Be First to Comment