Press "Enter" to skip to content

शिवपुरी नगर पालिका के तीन पार्षदों ने दोबारा इस्तीफा सौंपाकर कहा- जनता पर बोझ नहीं बनना, दोहरी कार्यप्रणाली के कारण पद छोड़ रहे / Shivpuri News

शिवपुरी: नगर पालिका में चल रहे राजनीतिक घमासान के बीच एक बार फिर तीन भाजपा पार्षदों ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। सोमवार को वार्ड 17 से भाजपा पार्षद राजा यादव, वार्ड 18 से रीना कुलदीप शर्मा और वार्ड 9 से रितु रत्नेश जैन ने अलग-अलग कारण बताते हुए कलेक्टर रविंद्र कुमार चौधरी के नाम एडीएम को अपना इस्तीफा सौंपा।

इससे पहले 8 अक्टूबर को वार्ड 21 से निर्दलीय पार्षद राजू गुर्जर भी अपना इस्तीफा दे चुके हैं। तीनों पार्षदों ने अपने इस्तीफे में लिखा है कि वे अपने वार्ड की जनता को मूलभूत सुविधाएं पानी, बिजली और साफ-सफाई उपलब्ध नहीं करा पा रहे हैं। ऐसे में वे अपनी जनता पर बोझ नहीं बनना चाहते और नगर पालिका की दोहरी कार्यप्रणाली से असंतुष्ट होकर पद छोड़ रहे हैं।

बता दें कि 11 जून को 22 पार्षदों ने करैरा स्थित बगीचा सरकार मंदिर में नगरपालिका अध्यक्ष गायत्री शर्मा को हटाने की कसम खाई थी। मान्यता है कि यहां खाई गई कसम कभी नहीं टूटती, वरना व्यक्ति को कोढ़ जैसी बीमारी हो जाती है। इसी कारण पार्षदों ने अपनी प्रतिज्ञा निभाने के लिए 28 अगस्त को सामूहिक रूप से इस्तीफे सौंपे थे।

हालांकि, कलेक्टर ने तब सभी इस्तीफे नामंजूर कर दिए थे और समाधान का भरोसा दिलाया था। लेकिन कोई कार्रवाई न होने पर अब पार्षद फिर से इस्तीफे दे रहे हैं।

अध्यक्ष गायत्री शर्मा के खिलाफ पार्षदों ने कई बार विरोध प्रदर्शन किए हैं। उन्होंने मुरम कट्टल घोटाले में नाम जोड़ने, उत्तराखंड यात्रा में नपा वाहन के उपयोग की जांच कराने और बेटियों के अपमान के आरोपों पर कार्रवाई की मांग की थी। बीते दिनों पार्षदों ने नपा अध्यक्ष का पुतला दहन भी किया था।

अध्यक्ष के खिलाफ मोर्चा खोलने वालों में उपाध्यक्ष सरोज रामजी व्यास, भाजपा पार्षद विजय शर्मा, राजा यादव, ताराचंद राठौर, रीना शर्मा, ओमप्रकाश जैन ओमी, नीलम बघेल, सरोज धाकड़, प्रतिभा शर्मा, मीना शर्मा, कांग्रेस पार्षद मोनिका सीटू सरैया, संजय गुप्ता, ममता धाकड़, कमलाकिशन शाक्य, निर्दलीय राजू गुर्जर, गौरव सिंघल और रितु रत्नेश जैन शामिल हैं।

इन सभी ने पहले भी 28 अगस्त को इस्तीफे सौंपे थे और अब तीन पार्षदों के पुनः इस्तीफे से नगरपालिका का माहौल एक बार फिर गरम हो गया है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!