Press "Enter" to skip to content

पुलिस विभाग बना चौथे टेनिस बॉल कॉर्पोरेट कप का विजेता, शैलेन्द्र बुन्देला मैन ऑफ द सीरीज घोषित / Shivpuri News

शिवपुरी: खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा कर्मचारियों को खेल से जोड़ने और खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित चौथे टेनिस बॉल कॉर्पोरेट कप का समापन आज हुआ। यह टूर्नामेंट 26 अगस्त से लीग आधार पर खेला जा रहा था, जिसमें जिले की 08 टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
फाइनल मुकाबला पुलिस विभाग और आदिम जाति कल्याण विभाग (अजाक) के मध्य खेला गया। टॉस जीतकर अजाक ने पहले क्षेत्ररक्षण का निर्णय लिया। बल्लेबाजी करते हुए पुलिस विभाग ने निर्धारित 10 ओवर में 138 रन बनाए। सुरेन्द्र ने 14 गेंदों पर ताबड़तोड़ 40 रन बनाए, जबकि जानू ने केवल 6 गेंदों पर 25 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुँचाया। गेंदबाजी में अजाक की ओर से धर्म ने 32 रन देकर 3 विकेट और संजीव ने 6 रन देकर 2 विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए अजाक की टीम 8 विकेट खोकर केवल 106 रन ही बना सकी। अजाक की ओर से मोहित ने सर्वाधिक 27 रन का योगदान दिया। पुलिस विभाग की ओर से दीपक ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 12 रन देकर 2 विकेट लिए और 7 गेंदों पर 18 रनों की तेज पारी खेली। उनके सर्वांगीण प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच का खिताब प्रदान किया गया। वहीं बेस्ट कैच का पुरस्कार अजाक के धर्मराज आदिवासी को मिला। पूरे टूर्नामेंट में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 288 रन और 10 विकेट लेने पर शैलेन्द्र बुन्देला को मैन ऑफ द सीरीज घोषित किया गया।
पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. के.के. खरे, श्री हिम्मत सिंह सोनवार और वरिष्ठ क्रिकेटर श्री गिरीश मिश्रा (मामा जी) उपस्थित रहे। इस अवसर पर उन्होंने विजेताओं और प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। कार्यक्रम में खेल विभाग के समन्वयक कमल सिंह बाथम, सुजीत करोसिया, रामपाल सिंह मेहता, मनीष वशिष्ठ, आशीष समाधिया और राजू परिहार सहित वरिष्ठ खिलाड़ी मौजूद रहे। टूर्नामेंट में एम्पायरिंग व स्कोरिंग की जिम्मेदारी अभिषेक धाकड़, राजवीर जाटव और सौर्य तोमर ने निभाई, जिन्हें अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।
जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी डॉ.के.के.खरे ने जानकारी दी कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन भविष्य में भी जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि खेल परिसर में फुटबॉल को बढ़ावा देने के लिए लगभग 80 खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है तथा विभाग द्वारा उन्हें फुटबॉल की किट उपलब्ध कराई जा रही है। प्रशिक्षक श्री भरत जाटव खिलाड़ियों को नियमित प्रशिक्षण दे रहे हैं।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!