शिवपुरी: पोहरी अनुविभाग के बैराड़ थाना क्षेत्र के ग्राम गोंदोलीपुरा में घरेलू विवाद ने खतरनाक रूप ले लिया, जब दामाद ने ससुराल पहुंचकर अपनी पत्नी पर हसिया से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को जिला अस्पताल शिवपुरी रेफर किया गया है।
फरियादी घनश्याम जाटव पुत्र मंगलिया जाटव, उम्र 45 वर्ष निवासी गोंदोलीपुरा ने थाने में दी रिपोर्ट में बताया कि उसकी छोटी बेटी भूरो जाटव की शादी करीब 2 साल पहले ग्राम हीरापुर निवासी परमाल जाटव के पुत्र सुल्तान जाटव के साथ सम्मेलन से हुई थी। शादी के बाद से ही दामाद सुल्तान पत्नी को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता रहा। प्रताड़ना से तंग आकर पिता ने तीन माह पहले बेटी को अपने घर गोंदोलीपुरा बुला लिया था।
फरियादी ने पुलिस को बताया कि दिनांक 23 सितंबर 2025 को दोपहर लगभग 1 बजे उसकी बेटी भूरो खेत से घास लेकर घर लौटी और घास को घर के बाहर रख रही थी। इसी दौरान दामाद सुल्तान वहां पहुंचा और भूरो को पकड़कर पटक दिया तथा मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद उसने घास की पोटली में रखे हसिया से जान से मारने की नियत से भूरो के गले, नाक और आंख के पास कई वार कर दिये, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गई।
शोर सुनकर फरियादी का बेटा दिलीप जाटव और भतीजा अंकेश जाटव बीच-बचाव करने पहुंचे, तो आरोपी ने अंकेश को धक्का मारकर पटक दिया। इस दौरान अंकेश के नाक और दाहिने हाथ की उंगली में चोट आई। मौके पर मौजूद फरियादी घनश्याम और उसका भाई बाईसराम किसी तरह घायल भूरो को छुड़ाकर बचा पाए।
घटना के बाद परिजन गंभीर रूप से घायल भूरो को बैराड़ अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल शिवपुरी रेफर कर दिया।
बेटी की हालत नाजुक है और हम न्याय की मांग करते हैं।”
पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।







Be First to Comment