शिवपुरी। पिछले दिनों आसमानी कहर के कारण कोलारस में बाढ़ की चपेट में आए परिवारों को वर्तमान में आर्थिक सहायता की आवश्यकता है। ऐसे में समाज के आर्थिक रूप से मजबूत लोगों को उनकी सहायता के लिए आगे आने की जरूरत है। इसी का उदाहरण पेश करते हुए सिख समाज के लोगों ने प्रारंभिक तौर पर 22 परिवारों को 2 लाख 91 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है, ताकि वह मुसीबत की इस घड़ी से कुछ हद तक लड़ सकें। सिख समाज के लोगों ने सजातीय 22 परिवारों को चिन्हित किया, जिसमें 16 परिवार भड़ौता के, 5 परिवार टामकी के और एक परिवार साखनौर का शामिल है। इसमें शिवपुरी के साथ-साथ ग्वालियर के सिख समाज के लोग भी बाढ़ प्रभावित सिख समाज के लोगों की मदद के लिए आगे आए हैं। सिख समाज के जो लोग बाढ़ प्रभावित परिवारों की मदद के लिए सामने आए हैं उनमें पूर्व प्रधान सुरेंद्र सिंह गिल बीटू शिवपुरी, हरपाल सिंह ढींडसा, बिन्दर सिंह ढींडसा, बयान्त सिंह अशोकनगर, निर्मल सिंह भदरौली, अमरीक सिंह ढींडसा, सतनाम सिंह ढींडसा, अवतार सिंह ढींडसा, कृपाल सिंह ढिल्लो सैक्टरी, फूलबाग बलविंदर सिंह बदरोली, अमृतपाल सिंह टोनी, नश्तर सिंह गिल, तोशी गुरदयाल सिंह ग्वालियर, कारज सिंह गिल, गुरदयाल सिंह गिल, जोरा सिंह गिल, सुखवंत सिंह गिल, राजपाल सिंह गिल, बलजिंदर सिंह गिल, संदीप सिंह खालसा होटल, रणजीत सिंह संधू नौनी आदि शामिल हैं। उक्त लोगों ने पीड़ित परिवारों के घर जाकर उनका हाल जाना और सभी को 11-11 हजार के लिफाफे वितरित किए। उक्त लोगों का कहना है कि समाज और भी चंदा कर रहा है, जो आवश्यकता के आधार पर पीड़ित परिवारों को दिया जाएगा।
अन्य समाज भी आगे आएं
सिख समाज के लोगों का कहना है कि हर समाज में कुछ लोग आर्थिक रूप से इतने संपन्न हाेते हैं कि कुछ न कुछ धनराशि दान कर सकते हैं। यह समय ऐसा समय है, जिसमें प्रत्येक समाज को अपने सजातीय लोगों की मदद के लिए आगे आना चाहिए। अगर वह ऐसे समय में अपने समाज के लोगों के लिए कुछ कर पाए तो इससे बड़ा दान और पुण्य कोई और नहीं है, क्योंकि इस समय कई परिवारों के घरों में दो समय की रोटी के भी लाले पड़े हुए हैं। अगर कुछ परिवारों को भी इस समय मदद कर पाए तो शायद सबसे बड़ा पुण्य होगा।





