,

शिवपुरी में थ्रेसर की चपेट में आने से युवक की मौत: थ्रेसर में घुसा पूरा शरीर, चक्काजाम के बाद चालक के खिलाफ केस दर्ज / Shivpuri News

शिवपुरी के श्रीपुर चक में एक हादसे में 22 वर्षीय युवक की थ्रेसर मशीन में फंसने से मौत हो गई। घटना बुधवार रात की है। मृतक की पहचान देवेन्द्र केवट के रूप में हुई है। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने बदरवास तहसील के बाहर एनएच-46 पर सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक चक्का जाम कर दिया।

दरअसल, घटना के बाद चालक विनोद केवट मौके से फरार हो गया। उनकी मांग है कि चालक पर हत्या का मामला दर्ज किया जाए।

घनश्याम परिहार के खेत पर गेहूं की फसल निकालने के लिए थ्रेसर मशीन पर मजदूरी कर रहा था। रात करीब 4 बजे ट्रैक्टर-थ्रेसर चालक विनोद केवट ने ट्रैक्टर को आगे-पीछे किया। इस दौरान झटका लगने से देवेन्द्र थ्रेसर में फंस गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत चालक को आवाज दी। चालक ने मशीन बंद की, लेकिन तब तक देवेन्द्र की मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने समझाइश देकर जाम खुलवाया। परिजन दिनभर बदरवास थाने पर डटे रहे। गुरुवार शाम को थाना बदरवास पुलिस ने विनोद केवट के खिलाफ अपराध क्रमांक 106(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।