Press "Enter" to skip to content

गहलोत बोले- हाथ जोड़कर वापस आएंगे कांग्रेस छोडकर जाने वाले: सबक सिखाया ज्योति को, बीजेपी में जाने का फैसला गलत था उन्हे लगना चाहिए… /राजस्थान

नागौर

सभा को संबोधित करते हैं पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत।

पूर्व सीएम अशोक‌ गहलोत ने बुधवार को नागौर में इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी हनुमान बेनीवाल के समर्थन में पशु प्रदर्शनी स्थल पर सभा की। पूर्व सीएम ने कहा- ये जितने लोग कांग्रेस छोड़कर भाजपा में गए हैं और जा रहे हैं, जब भी कांग्रेस के अच्छे दिन आएंगे, वो वापस कांग्रेस में आने के लिए हाथ जोड़कर लाइन लगाएंगे।

गहलोत ने नागौर से भाजपा प्रत्याशी ज्योति मिर्धा पर निशाना साधते हुए कहा कि- नागौर के लोग समझदार होते हैं, फिर ज्योति ने गलती कैसे कर दी। ज्योति के दादा नाथूराम मिर्धा तो भाजपा को सत्यानाशी का फूल बताते थे। ऐसी पार्टी में जाने की क्या तुक थी? अब उनको सबक सिखाओ। उनको मालूम होना चाहिए कि भाजपा में जाने का उनका फैसला गलत था।

पूर्व सीएम ने कहा- केंद्र सरकार ने दो निर्वाचित मुख्यमंत्रियों को जेल में डाल दिया तो संयुक्त राष्ट्र को हस्तक्षेप करना पड़ा कि ऐसे में भारत में लोकतंत्र कैसे बचेगा? राष्ट्रीय पार्टियों के खाते बंद कर दिए। कांग्रेस ने जब भारत काे संभाला तब सुई भी नहीं बनती थी, सब बाहर से आता था। उसके बाद बड़ी-बड़ी औद्योगिक कंपनियां लगीं। आजादी के बाद बड़े काम हुए।

गहलोत ने कहा कि कन्हैयालाल के परिवार को 50 लाख का राहत पैकेज दिया। परिजनों को नौकरी दी। हत्यारों का पीछा करने वालों को नौकरी दी। हत्यारों को 3 घंटे में गिरफ्तार किया। लेकिन फिर वो केस एनआईए ने अपने हाथ में ले लिया और आज तक कुछ नहीं हुआ। राजस्थान पुलिस के पास वो केस होता तो हत्यारों को अभी तक सजा हो गई होती।

भाजपा में एक वाशिंग मशीन
पूर्व सीएम गहलोत ने कहा कि ज्योति मिर्धा को कांग्रेस से अपना हक मांगना चाहिए था, लेकिन उनका पूरा परिवार ही बीजेपी के अंदर चला गया। ज्योति की सास राजस्थान कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी थीं, तो उन्हें भी खूब मान-सम्मान दिया। भाजपा भी गजब पार्टी है। पहले ये लाेग हमारे नेताओं पर करप्शन के आरोप लगाते हैं, फिर उन्हें भाजपा में शामिल करके पाक-साफ कर देते हैं। भाजपा में एक वाशिंग मशीन लगी हुई है।

मणिपुर जल रहा, लेकिन पीएम का ध्यान नहीं
गहलोत ने कहा कि हमने किसानों के लिए 2 हजार यूनिट बिजली फ्री की। अलग से कृषि बजट शुरू किया। जब मोदी गुजरात सीएम थे, तब एमएसपी की वकालत करते थे, अब 10 साल से पीएम बने हैं फिर भी कुछ नहीं बोलते। मणिपुर जल रहा है, लेकिन पीएम का ध्यान ही नहीं। प्रदेश की जनता कांग्रेस की पुरानी योजनाओं को‌ याद कर रही है।

सभा में नहीं थे हनुमान बेनीवाल
गहलोत ने कहा कि पूरे प्रदेश के अंदर कांग्रेस का अच्छा माहौल है। जहां भी जा रहे हैं वहां जनता सपोर्ट कर रही है। भाजपा का मेनिफेस्टो सामने आ चुका है, उसमें कोई दम नहीं है। हमारे गारंटी में हमने बहुत कुछ दिया है। कांग्रेस प्रदेश में शानदार प्रदर्शन करेगी। हालांकि सभा में हनुमान बेनीवाल मौजूद नहीं थे। बताया गया कि हनुमान बेनीवाल परबतसर इलाके में चुनावी जनसंपर्क में लगे हुए थे।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!