जयपुर

सामाजिक संगठनों से संवाद कार्यक्रम में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का सम्मान करते प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी और सीएम भजनलाल शर्मा।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने जवाहर सर्किल स्थित होटल में रात करीब 8 बजे सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ एक घंटे संवाद किया। शाह ने कहा कि जातियां फूल हैं, इनसे मिलकर गुलदस्ता बनना चाहिए। कांग्रेस समाज को जातियों में बांटकर लोगों को भड़काने का काम कर रही है। पीएम मोदी ने देश में केवल चार जातियां बताई हैं। उन्होंने किसान, गरीब, महिला और युवा को ही जाति माना है। ये चारों वर्ग सभी जातियों में हैं। अगर इनका समुचित विकास होगा तो सभी जातियों का विकास हो जाएगा।

सामाजिक संगठनों की बैठक में पहुंचे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का साफा पहनाकर सीएम भजनलाल शर्मा ने स्वागत किया। साथ में प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी मौजूद।
सभी सीटें भाजपा जीतेगी
बैठक में सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि इस बार सभी जाति के वोट बीजेपी को मिलेंगे। राजस्थान में 25 सीटें तो बीजेपी जीतेगी, साथ ही जीत का मार्जिन भी बढ़ेगा। उन्होंने सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से कहा कि आप समाज के प्रबुद्ध लोग हैं, आप समाज के बीच में जाकर केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाओं के बारे में लोगों को बताएं।
कोर कमेटी की बैठक में चुनावी रणनीति पर चर्चा
अमित शाह ने देर रात प्रदेश कोर कमेटी की बैठक में चुनावी रणनीति को लेकर चर्चा की। बैठक में सीएम भजनलाल शर्मा, प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी, डिप्टी सीएम प्रेम चंद बैरवा, डिप्टी सीएम दीया कुमारी समेत अन्य पदाधिकारी रहे।
राजस्थान की 25 सीटों पर तय की गई जिम्मेदारी
शाह ने दोपहर दो बजे जयपुर पहुंचने के बाद जवाहर सर्किल स्थित होटल में पांच लोकसभा क्षेत्रों की कोर कमेटी की बैठक ली। बीजेपी जयपुर देहात के जिलाध्यक्ष राजेश गुर्जर ने बताया कि बैठक में अमित शाह ने 5 लोकसभा के जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारी और कोर ग्रुप के साथ संवाद किया। राजस्थान की सभी 25 सीटों पर जिम्मेदारी तय की गई है। नेताओं के काम के बंटवारे के साथ आगामी रणनीति भी तय की गई।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने जयपुर में 5 लोकसभा क्षेत्र की कोर कमेटियों की संयुक्त बैठक ली।
पार्टी को मजबूत करने के दिए दिशा-निर्देश
उन्होंने कहा कि बीजेपी 370 और एनडीए 440 पार के नारे में हम सब नेताओं की सहभागिता तय की गई। भारतीय जनता पार्टी के हर कार्यकर्ता और पन्ना प्रमुख को जिम्मेदारी दी जाएगी। इस बार 15 प्रतिशत ज्यादा मार्जिन से जीतने का लक्ष्य तय किया गया है।
उन्होंने कहा कि अमित शाह ने पन्ना प्रमुख से लेकर हर कार्यकर्ता की चुनाव में भागीदारी निश्चित करने और सभी कार्यकर्ताओं को सहजता से सहयोग कर पार्टी को मजबूत करने के दिशा निर्देश दिए।

अमित शाह दोपहर करीब 2 बजे जयपुर एयरपोर्ट पर उतरे। यहां से सीधे होटल पहुंचे, जहां लोकसभा कोर कमेटियों की बैठक ली।
दूसरे दिन गहलोत के गृह नगर में रहेंगे मौजूद
अपने दौरे के दूसरे दिन सोमवार को अमित शाह जोधपुर लोकसभा कोर कमेटी की बैठक लेंगे। इसके बाद पोला ग्राउंड में सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद शाम को यहीं से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।





Be First to Comment