तबाही फैलाने वाले हैं कॉंग्रेसी बोले शिक्षा मंत्री के वीडियो पर: दिलावर ने कहा- काफी पुराना है वीडियो, इससे छेड़छाड़ करके शेयर किया जा रहा है /#राजस्थान

जयपुर

शिक्षा मंत्री मदन दिलावर का एक वीडियो चर्चा में है। इसमें दिलावर गंदगी फैलाने वाले लोगों के खिलाफ प्रार्थना करते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो को बामनवास कांग्रेस विधायक इंदिरा मीणा और पूर्व विधायक संयम लोढ़ा ने ट्वीट किया है। इंदिरा मीणा ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा- राजस्थान सरकार के शिक्षा मंत्री अजीबो गरीब मांग से तबाही फैलाने वाले हैं। वहीं, दिलावर का कहना है कि उनका वीडियो काफी पुराना है। इससे छेड़छाड़ कर शेयर किया जा रहा है।

दरअसल, 30 सेकेंड के इस वीडियो में मदन दिलावर माता रानी से हाथ जोड़कर कहते नजर आ रहे हैं कि ‘जो लोग प्लास्टिक की थैली में सामान लाते हैं। जो लोग प्लास्टिक की गिलास में चाय पीते हैं। जो गंदगी फैलाते हैं। हे मां उनको बीमार कर देना, उनके घर में किसी न किसी का हाथ तोड़ देना, पैर तोड़ देना, उनमें से किसी का नुकसान हो जाए ऐसा कर देना। उनके घर कभी धन मत आने देना। हे मां आपसे यही प्रार्थना है। ताकि सभी लोग सुखी रहेंगे, कभी भी गंदगी नहीं रहेगी।’

बामनवास विधायक इंदिरा मीणा ने ट्वीट कर शिक्षा मंत्री के वीडियो पर नाराजगी जाहिर की।

बामनवास विधायक इंदिरा मीणा ने ट्वीट कर शिक्षा मंत्री के वीडियो पर नाराजगी जाहिर की।

वीडियो के बारे में बामनवास विधायक इंदिरा मीणा ने कहा कि राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर अपने बेतुके बयानों के बाद आम जनता के खिलाफ भगवान से प्रार्थना कर रहे हैं। इससे उनकी मानसिकता का पता चलता है। क्या राजस्थान की जनता अभी इस तरह के नेताओं को वोट देकर सत्ता में लाएगी।

पूर्व विधायक संयम लोढ़ा ने कहा- मैंने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री को टैग कर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर का वीडियो शेयर किया है। ताकि उन्हें भी पता चले कि राजस्थान के शिक्षा मंत्री किस तरह के विचार रखते हैं। वैसे भी राजस्थान की शिक्षा मंत्री हर दिन अपने अलग-अलग वीडियो की वजह से सुर्खियों में ही रहते हैं। अगर उन्हें मेरे ट्वीट से दिक्कत है तो वह मेरे खिलाफ शिकायत दर्ज कर सकते हैं।

पूर्व विधायक और मुख्यमंत्री के सलाहकार संयम लोढ़ा ने ट्वीट कर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर पर निशाना साधा।

पूर्व विधायक और मुख्यमंत्री के सलाहकार संयम लोढ़ा ने ट्वीट कर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर पर निशाना साधा।

वीडियो काफी पुराना, छेड़छाड़ कर वायरल किया जा रहा

दैनिक भास्कर ने इस वीडियो पर शिक्षा मंत्री से उनका पक्ष जाना। उन्होंने बताया- यह वीडियो काफी पुराना है। इसमें छेड़छाड़ कर सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा है। मेरा मकसद आम लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना था। इसे गलत तरीके से काट छांटकर प्रसारित किया जा रहा है। जो पूरी तरह गलत है। मैंने यह प्रार्थना की है कि जो लोग पॉलीथिन का उपयोग नहीं करते हैं, गंदगी नहीं फैलाते हैं, भगवान उनके घर में सुख-समृद्धि और अन्न के भंडार रखे। प्लास्टिक जलाने और गंदगी फैलाने वालों का बुरा हो, नुकसान हो, मैंने ऐसा कहा था। लेकिन कांग्रेसी नेता जानबूझकर इस वीडियो को गलत तरीके से वायरल कर रहे हैं। जनता कांग्रेसी नेताओं की साजिश में नहीं आएगी।

अक्टूबर 2019 का है वीडियो

बता दें कि दैनिक भास्कर की पड़ताल में पता चला कि मदन दिलावर का यह वीडियो शिक्षा मंत्री बनने से पहले का है। 9 अक्टूबर 2019 को जब मदन दिलावर विपक्ष में थे, तब वह विधायक होने के नाते कोटा के रामगंज मंडी को प्लास्टिक मुक्त करने की मुहिम शुरू करने के लिए गए थे। वीडियो उस वक्त का है।

बता दें कि मदन दिलावर शिक्षा मंत्री बनने के बाद लगातार अपने बयानों की वजह से सुर्खियों में रहते है। इससे पहले भी वह अकबर को बलात्कारी बताने के साथ ही भ्रष्ट और बेईमान शिक्षकों की संपत्ति पर बुलडोजर चलाने के बयान की वजह से सुर्खियां बटोर चुके हैं। शिक्षा मंत्री बनने से पहले भी दिलावर भैरोंसिंह शेखावत की सरकार में सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री भी रह चुके है।