Press "Enter" to skip to content

PM बोले- तीसरी शुरुआत जून में मोदी सरकार की, कहा- मोदी का संकल्प आपका सपना, 33 रेलवे स्टेशन MP के अपग्रेड होंगे /#मध्यप्रदेश

भोपाल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को देशभर के 554 रेलवे स्टेशन के रीडेवलपमेंट प्रोजेक्ट का शिलान्यास किया। इनमें मध्यप्रदेश के 33 स्टेशन शामिल हैं। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री दिल्ली से वर्चुअली जुड़े। रिमोट के जरिए प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन किया।

PM ने कहा, ‘रेलवे से जुड़ी 2 हजार से अधिक परियोजनाओं का आज एक साथ शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है। इस सरकार के तीसरे टर्म की शुरुआत जून से होने वाली है। अभी से ही जिस स्केल-स्पीड पर काम होना शुरू हो गया है, यह सभी को हैरत में डालने वाला है।’

उन्होंने कहा, ‘आपका सपना ही मोदी का संकल्प है। आपका सपना, आपकी मेहनत और मोदी का संकल्प विकसित भारत की गारंटी है।’

40 हजार करोड़ रुपए की परियोजनाएं एक साथ जमीन पर उतरीं

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘आज 27 राज्यों के 300 से अधिक जिलों में 550 से ज्यादा रेलवे स्टेशन के कायाकल्प का शिलान्यास हुआ है। 1500 से ज्यादा रोड, ओवरब्रिज, अंडरपास भी इसमें शामिल हैं। 40 हजार करोड़ रुपए की परियोजनाएं एक साथ जमीन पर उतर रही हैं।

उन्होंने कहा, ‘कुछ महीने पहले हमने अमृत भारत रेलवे स्टेशन योजना की शुरुआत की थी। तब भी 500 से अधिक स्टेशन के आधुनिकीकरण पर काम हुआ। यह कार्यक्रम इसे और आगे बढ़ा रहा है। यह दिखाता है कि भारत की प्रगति की रेल किस गति से आगे बढ़ रही है।’

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन के निर्माण में दिव्यांग-बुजुर्गों का भी विशेष ध्यान रखा गया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन के निर्माण में दिव्यांग-बुजुर्गों का भी विशेष ध्यान रखा गया है।

प्रधानमंत्री के भाषण की खास बातें…

  • विकसित भारत युवाओं के सपनों का भारत: मोदी जब विकसित भारत की बात करता है तो इसके सूत्रधार और सबसे बड़े लाभार्थी देश के युवा ही हैं। विकसित भारत युवाओं के सपनों का भारत है, इसलिए विकसित भारत कैसा होगा? यह तय करने का हक उन्हीं को है।
  • निवेश की बड़ी क्रांति आएगी: आज होने वाले निवेश रोजगार की गारंटी हैं। आज पूरी दुनिया में भारत को निवेश के लिए सबसे आकर्षक माना जा रहा है। आने वाले पांच साल में जब यह हजारों स्टेशन आधुनिक हो जाएंगे, भारतीय रेल की क्षमता बढ़ जाएगी तो निवेश की एक और बहुत बड़ी क्रांति आएगी।
  • हमने सरकारी पैसों की लूट को बचाया: नदी-नहर में पानी चाहे कितना भी हो, अगर मेढ़ टूटी हो तो किसान के खेत तक बहुत कम पानी पहुंचेगा। इसी तरह बजट चाहे कितना भी हो, अगर घोटाले होते रहें, बेईमानी होती रहे तो जमीन पर उस बजट का असर कभी नहीं दिखता। पिछले दस साल में हमने बड़े-बड़े घोटालों को, सरकारी पैसों की लूट को रोका है।
  • पहले रेलवे के घाटे में रहने का रोना रोया जाता था: दशकों तक रेलवे को हमारे यहां की स्वार्थ भरी राजनीति का शिकार होना पड़ा, लेकिन अब भारतीय रेल देशवासियों की यात्रा आसान कर रही है। जिस रेलवे के हमेशा घाटे में रहने का रोना रोया जाता था, आज वह परिवर्तन के सबसे बड़े दौर से गुजर रही है।
  • मोदी भारत को तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के लिए जुटा: पहले रेलवे का बजट 45 हजार करोड़ के आसपास रहता था, आज 2.5 लाख करोड़ रुपए से अधिक का है। जब हम दुनिया की तीसरी बड़ी आर्थिक महाशक्ति बनेंगे तो हमारा सामर्थ्य कितना अधिक बढ़ेगा। मोदी भारत को जल्द से जल्द दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के लिए जी-जान से जुटा है।
  • भारत ने छोटे सपने देखना छोड़ दिया: अमृत भारत स्टेशन विरासत और विकास दोनों के प्रतीक होंगे। ऐसा स्टेशन शहर की विशेषता से दुनिया को परिचित कराएगा। आज भारत जो भी करता है, अभूतपूर्व स्पीड और स्केल से करता है। आज के भारत ने छोटे सपने देखना छोड़ दिया है। हम बड़े सपने देखते हैं। इन्हें पूरा करने के लिए दिन-रात एक कर देते हैं।

MP के ये स्टेशन होंगे अपग्रेड

अमृत रेलवे स्टेशन योजना के तहत इंदौर, मंदसौर, सीहोर, मक्सी, नागदा जंक्शन, नीमच, खाचरोद, शुजालपुर, बालाघाट जंक्शन, छिंदवाड़ा जंक्शन, मंडला फोर्ट, नैनपुर, सिवनी, अनूपपुर, बिजूरी, शहडोल, उमरिया, भिंड, दतिया, हरपालपुर, मुरैना, अशोकनगर, खिरकिया, सांची, शाजापुर, नरसिंहपुर, पिपरिया, ब्यौहारी, बरगवां, जबलपुर, उज्जैन, बीना और खंडवा रेलवे स्टेशन को अपग्रेड किया जाएगा।

3276 करोड़ रुपए से मध्यप्रदेश के इन 33 स्टेशनों के पुनर्विकास के साथ 133 रोड ओवरब्रिज और अंडरपास भी बनाए जाएंगे।

स्टेशनों पर ये सुविधाएं दी जाएंगी

  • लिफ्ट, एस्केलेटर
  • एग्जीक्यूटिव लाउंज
  • वेटिंग एरिया
  • शॉपिंग जोन
  • फूड कोर्ट
  • किड्स गेमिंग जोन
  • दिव्यांगजन सुविधाएं
  • बेहतर पार्किंग
  • सीसीटीवी मॉनिटरिंग
  • फ्री वाई-फाई
  • दोनों तरफ से प्लेटफार्म पर एंट्री-एग्जिट गेट
  • बेहतर लाइटिंग
  • ग्रीन और रिन्यूएबल एनर्जी का इस्तेमाल
  • रेलवे स्टेशन को मेट्रो, बस स्टैंड से जोड़ेंगे।

भोपाल मंडल में 292.19 करोड़ रुपए से होंगे काम

आज MP के जिन 33 रेलवे स्टेशन के रीडेवलपमेंट प्रोजेक्ट का शिलान्यास हुआ है, उनमें भोपाल मंडल के 5 स्टेशन, 4 रोड ओवरब्रिज और 2 अंडरपास भी शामिल हैं। भोपाल मंडल में कुल 292.19 करोड़ रुपए की लागत से काम किए जाने हैं। खिरकिया रेलवे स्टेशन का रीडेवलपमेंट 10.38 करोड़, सांची का 8.59 करोड़, बीना का 140.00 करोड़, अशोकनगर का 10.6 करोड़ और शाजापुर रेलवे स्टेशन का अपग्रेडेशन 11.66 करोड़ रुपए की लागत से किया जाएगा।

More from BhopalMore posts in Bhopal »
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!