बालाघाट

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार को बालाघाट के दौरे पर रहे। यहां सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा- इस बार हाेली और महाशिवरात्रि के कारण लाड़ली बहनों के बैंक खातों में राशि 1 मार्च को आएगी।
मुख्यमंत्री ने रेंजर कॉलेज मैदान में सभा को संबोधित करते कहा कि भाजपा सरकार ने लाड़ली लक्ष्मी, लाड़ली बहना और कन्यादान योजनाएं चलाईं। विपक्षी नेता पूछते थे कि इन योजनाओं के लिए पैसा कहां से लाओगे लेकिन हमने इसका प्रबंध किया। यह भाजपा की सरकार है, कोई योजना बंद नहीं होगी। हमारी सरकार के पास पैसों की कमी नहीं है। हमारा प्रधानमंत्री प्रधान सेवक है तो हम मुख्य सेवक हैं।
बालाघाट में सीएम ने 761.54 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।

सीएम डॉ. मोहन यादव भाजपा कार्यालय से रोड शो करते हुए सभा स्थल तक पहुंचे।
बालाघाट में सीएम की सभा की 5 खास बातें..
- पहले देश में डॉ. मनमोहन सिंह की नकारात्मक और भ्रष्टाचारी सरकार थी। उस दौरान सैनिकों के सिर से फुटबॉल खेलने की बात कही जाती थी। देश का सम्मान कम होने लगा था, लेकिन आज जैसे को तैसा जवाब देने वाली सरकार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सशक्त सरकार है। अब सर्जिकल स्ट्राइक होती है।
- कार्यकर्ताओं के प्रभाव, क्षमता, ताकत और ऊर्जा के कारण ही सरकार बनती है। कार्यकर्ता ही चुनाव जिताने के लिए सच्चे सिपाही के रूप में काम करते हैं। कोई काम छोटा-बड़ा नहीं होता। पार्टी ने हमें जो काम दिया है, वह हमें करना है।
- भाजपा ही इकलौती ऐसी पार्टी है, जो वार्ड पार्षद को भी मुख्यमंत्री बना देती है। कार्यकर्ताओं को महत्व देने के कारण ही आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। हम जनकल्याण की भावना से काम करते हैं। हमारे लिए सब बराबर हैं।
- भाजपा सरकार ने कोविड काल में लोगों की मदद से लेकर जीवन सुरक्षित रखने के लिए वैक्सीन बनाई। लोगों की हिम्मत को टूटने नहीं दिया। जिसके कारण जनता ने भारी बहुमत की सरकार बना दी। अब हमें तीसरी बार देश में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सरकार बनानी है।
- आज बेईमानों की बोलती बंद है। सब जमानत पर हैं। ऐसे सभी लोग अंदर जाएंगे। जैसा बोया है, वैसा पाएंगे।

रेंजर कॉलेज मैदान पर मुख्यमंत्री ने ढोल बजाकर बैगा आदिवासियों का उत्साह बढ़ाया।










Be First to Comment