जयपुर

गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान पर कभी भी हमला करवा सकता है। इसके लिए दो बार रेकी की जा चुकी है। यह चौंकाने वाला खुलासा लॉरेंस के करीबी संपत नेहरा ने किया है।
राजस्थान पुलिस की तीन एजेंसियों ने नेहरा से पूछताछ में यह जानकारी हासिल की। उसने बताया- लॉरेंस के गुर्गे केवल भारत में ही नहीं विदेश में भी फैले हुए हैं। साथ ही वह पाकिस्तान सहित अलग-अलग देशों में अब तक 6 से ज्यादा हत्या भी करा चुका है।
संपत ने बताया कि लॉरेंस पाकिस्तान में भी एक हत्या करवा चुका है। हत्या के लिए उसके गुर्गों को जिगना पिस्टल दी जाती है। जो दिल्ली से उठती है। दिल्ली में तीन जगहों पर उनके गुर्गे हथियार उठाते हैं। इसके बाद उन्हें लोकेशन पर छोड़ देते हैं। हर काम के लिए हर राज्य में युवक काम रहे हैं। एक राज्य में 300 से 500 के बीच में उनकी टीम है।
दरअसल, चूरू में कारोबारी से रुपए मांगने के मामले में एजेंसियों ने नेहरा से पूछताछ की थी। इसके बाद उसे बठिंडा जेल में शिफ्ट कर दिया है। अब मामले में NIA की टीम नेहरा को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी।

संपत नेहरा को पुलिस ने जानबूझकर फटी हुई टी-शर्ट पहनाई।
सवा लाख रुपए के जूते, 18 हजार की जींस पहने मिला
बठिंडा हाई सिक्योरिटी जेल से जब संपत नेहरा को पुलिस ने रिमांड पर लिया। उस दौरान संपत के बाल काफी लम्बे थे। संपत ने करीब करीब सवा लाख रुपए के जूते पहने हुए थे। उसकी जींस लगभग 18 हजार रुपए की थी। उसकी टी-शर्ट करीब 4 हजार रुपए और जैकेट करीब 35 हजार रुपए का था।
राजस्थान पुलिस नहीं चाहती थी की बदमाश अच्छे लुक में आमजन के सामने आए। इसलिए राजस्थान पुलिस ने संपत को लाने के दौरान बाल छोटे किए। फिर उसके जूते उतरवाकर उसे चप्पल दी। कपड़े उतरवा कर उसे फटी हुई टी-शर्ट दे दी।

संपत नेहरा को 4 फरवरी को पकड़कर चूरू लाया गया था।
गुर्गों की धरपकड़ के लिए चलेगा विशेष अभियान
एक आईपीएस अधिकारी ने बताया कि संपत नेहरा से हुई पूछताछ में जो जानकारी सामने आई है, वह हैरान और परेशान करने वाली है। राजस्थान पुलिस ने इन बदमाशों की सोशल मीडिया फैन फॉलोइंग को तोड़ा है, लेकिन इसके बाद भी इन बदमाशों के गुर्गों की संख्या कम नहीं हो रही है। संपत से मिली हर जानकारी की जांच कराई जा रही है। सीनियर अधिकारियों को नेहरा से हुई पूछताछ की पूरी जानकारी दे दी गई हैं। राजस्थान पुलिस नेहरा, लॉरेंस, रोहित के गुर्गों की तलाश में एक विशेष अभियान जल्द चलाने वाली है।
5 दिन की रिमांड के बाद वापस बठिंडा जेल भेजा
चूरू पुलिस उप अधीक्षक जय प्रकाश अटल ने बताया- पांच दिन की रिमांड के बाद सपत नेहरा को कोर्ट में पेश किया था। कोर्ट आदेश पर उसे दोबारा से बठिंडा जेल में जमा करवा दिया। कई एजेंसियों ने इस दौरान संपत से पूछताछ की। इस पर एजेंसियां अपने स्तर पर काम कर रही हैं।
10 फरवरी को किया जेल में शिफ्ट
बता दें कि संपत नेहरा को चूरू पुलिस 4 फरवरी को प्रोडक्शन वारंट पर बठिंडा जेल से गिरफ्तार करके लाई थी। 5 फरवरी को नेहरा को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने नेहरा को 3 दिन की रिमांड पर पुलिस को दिया। 7 फरवरी को दोबारा से पुलिस ने नेहरा को कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे फिर दो दिन के रिमांड पर भेजा गया। 9 तारीख को दोबारा पुलिस ने कोर्ट के सामने नेहरा को पेश किया। इसके बाद पुलिस नेहरा को लेकर 10 तारीख को सुबह बठिंडा जेल में शिफ्ट कराने चली गई।
पिछले महीने 2 लोगों ने सलमान खान के फार्म हाउस में घुसने की कोशिश थी
सलमान खान का फार्म हाउस नवी मुंबई के पनवेल में है। 4 जनवरी की शाम 4 बजे 2 अनजान लोगों ने एक्टर के फार्म हाउस में जबरन घुसने की कोशिश की थी। दोनों शख्स फेंसिंग के तार तोड़कर अंदर जाने की कोशिश कर रहे थे। फार्म हाउस में दो संदिग्ध लोगों को देखकर वहां मौजूद गार्ड ने उन्हें तुरंत रोका।
इसके बाद फार्म हाउस के मैनेजर को भी बुलाया गया। दोनों शख्स से पूछताछ के दौरान उन्होंने खुद को सलमान खान का फैन बताया। सिक्योरिटी गार्ड्स को दोनों की बातों पर भरोसा नहीं हुआ और दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के समय सलमान खान अपने फार्म हाउस में नहीं थे।

सलमान खान का आलीशान पनवेल फार्म हाउस 150 एकड़ में फैला हुआ है।
आरोपियों के पास से फर्जी आधार कार्ड मिले
पूछताछ के बाद ये खुलासा हुआ है कि दोनों के पास फर्जी आधार कार्ड थे। दोनों के खिलाफ IPC की धारा 420 यानी धोखाधड़ी करने की कोशिश, धारा 448 यानी कि ट्रेस पासिंग, धारा 465 ठगी, धारा 468 और धारा 471 के तहत FIR दर्ज की गई है।

सलमान खान लॉरेंस गैंग के निशाने पर हैं
सलमान खान को पिछले साल लॉरेंस गैंग की तरफ धमकी मिली थी। लॉरेंस ने सलमान को मारने की धमकी दी थी। लॉरेंस की पहचान एक दुर्दांत अपराधी के तौर पर है। पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या में उसका हाथ है। मूसेवाला की दिनदहाड़े हत्या के बाद ऐसी आशंका जताई गई कि वो सलमान खान के ऊपर भी ऐसे हमले करवा सकता है, क्योंकि उसने सलमान को काले हिरण के शिकार के मामले में काफी पहले धमकी दी थी।
इस धमकी के बाद सलमान को Y+ सिक्योरिटी दी गई थी। वे घर के बाहर बुलेट प्रूफ वाहन में ही जाते हैं, जिनमें उनके प्राइवेट गार्ड्स भी रहते हैं।

19 मार्च 2023 को सलमान खान को लॉरेंस गैंग से ईमेल के जरिए जान से मारने की धमकी मिली थी।
फार्महाउस पर अधिकतर टाइम बिताते हैं सलमान
सलमान खान मुंबई के बांद्रा में अपनी पूरी फैमिली के साथ रहते हैं, लेकिन वे अक्सर पनवेल में अपने फार्महाउस पर फैमिली के साथ क्वालिटी टाइम स्पेंड करने जाते रहते हैं। सलमान अपना जन्मदिन और नए साल की पार्टी भी अपने फार्म हाउस पर ही मनाते हैं।

रिपोर्ट्स के माने तो ये फॉर्महाउस सलमान ने फिल्म मैंने प्यार किया के वक्त खरीदा था।
यह फार्म 150 एकड़ में फैला है। यहां खेती भी की जाती है। इस फार्म में सलमान ने स्विमिंग पूल से लेकर जिम तक बनवाया हुआ है। कोविड के दौरान लॉकडाउन में भी सलमान खान अपने फार्म हाउस में ही थे। इस फार्म हाउस का नाम सलमान ने अपनी बहन अर्पिता के नाम पर रखा है।
सलमान खान के फार्म हाउस के पास शूटर्स डेढ़ महीने रुके, रेकी भी की थी
लॉरेंस गैंग ने सलमान खान को पिछले 5 साल में 4 बार मारने की कोशिश की है। तकरीबन एक साल पहले सलमान खान के फार्म हाउस के पास शूटर्स डेढ़ महीने रुके थे। वहां सभी शूटर्स ने अपने पास सलमान पर अटैक करने के लिए छोटे हथियार, पिस्टल और कारतूस रखे थे। उन्होंने सलमान खान के फार्म हाउस की रेकी भी की थी। रिपोर्ट्स के अनुसार, शूटर्स ने ये भी पता किया था कि सलमान खान हिट एंड रन मामले के बाद से गाड़ी की स्पीड कम रखते हैं। बता दें, सलमान जब भी पनवेल में अपने फार्म हाउस पर आते हैं, तब उनके साथ बॉडीगार्ड शेरा ही मौजूद होता है।

लॉरेंस गैंग सलमान खान को मारने के लिए पहले भी 4 बार साजिश कर चुका है।



