
शिवपुरी। शिवपुरी की इंद्रा कॉलोनी में रहने वाले राजकुमार कुशवाह ने बीते रोज फांसी लगा ली थी। फांसी का जो कारण सामने आया उसमें डंडा बैंक द्वारा युवक को वसूली के लिए प्रताड़ित करना बताया जा रहा है। वहीं राजकुमार कुशवाह की मौत को अभी एक दिन भी पूरा नहीं हुआ और डंडा बैंक वसूली वालों ने उसके रिश्तेदारों को परेशान करना शुरू कर दिया है। वसूली वाले मृतक के रिश्तेदारों को फोन कॉल पर वसूली के लिए दबाव बना रहे हैं। वहीं कैशबस नाम की मोबाइल एप कंपनी ने राजकुमार चीटर नाम से एक व्हाट्सएप ग्रुप बना दिया है। इस ग्रुप में राजकुमार से जुड़े सभी लोगों को जोड़ा गया है और ग्रुप में मैसेज डाल रखा है कि राजकुमार ने हमसे लोन लिया थ्ज्ञा जिसे वह नहीं चुका रहा है और राजकुमार का फोटो भी डाला है।
राजकुमार के रिश्तेदार ने बताया कि कंपनी वालों ने राजकुमार के मोबाइल को हैक कर लिया है। उसमें सेव सारे नंबरों पर फोन कर रहे हैं। महिलाओं को धमकी दे रहे हैं, कि अभी तो तमीज से बात कर रहे हैं, लेकिन यदि रुपये नहीं मिले तो बदतमीजी करने में भी पीछे नहीं हटेंगे। जब इन लोगों को बताया, कि राजकुमार ने आत्महत्या कर ली है तो भी नहीं मान रहे हैं और कह रहे हैं आप लोग झूठ बोल रहे हैं। राजकुमार ने लगभग पांच एप से लोन लिया था। जिसमें ईजी कैश, कैशबस आदि शामिल हैं। चार कंपनियों में लोन की राशि 2 हजार, साढ़े तीन हजार, 6 हजार, ढाई हजार है। इन कंपनियों के प्रतिनिधि राजकुमार को आत्महत्या करने के दो दिन पहले से फोन पर प्रताड़ित कर रहे थे। उसके साथ उसके रिश्तेदारों को भी धमका रहे थे कि रुपये नहीं दिए तो पूरे में बदनाम कर देंगे।






Be First to Comment