
शिवपुरी। बीते दिनों हुई मावठ की बारिश और आसमान में छाए बादलों से अंचल में सर्दी का असर बढ़ गया है। शहर सहित अंचल में चल रही शीतलहर ने लोगों को ठिठुराना शुरू कर दिया है। ठंडी हवाओं के साथ बढ़ी ठंड से सुबह के समय में सड़कों पर चहल-पहल कम हो गई है। बादलों के छाने से बढ़ी ठंड से बचाव के लिए लोगों ने अलावा जलाना शुरू कर दिए हैं।
जिले में तीन दिन पहले छाए कोहरे के बाद से ठंड ज्यादा बढ़ गई है। ठंड से बचाव के लिए लोगों को अपने घरों में हीटर, ब्लोअर का सहारा लेना पड़ रहा है वहीं घर के बाहर अलाव भी जलने लगने लगे हैं। मंगलवार को सुबह से ही कई जगहों पर लोग तापते नजर आए। जिन लोगों को जरूरी काम था, केवल वही लोग अपने घरों से बाहर दिखाई दिए। सड़कों पर लोग जैकेट के साथ टोपा, मफलर, शॉल आदि में लिपटे दिखाई दिए। मंगलवार सुबह छाए कोहरे के लिए लोग परेशान रहे।




