शिवपुरी। कोतवाली थाना क्षेत्र के तहत आने वाले प्लेग्राउंड के पास से एक बाइक चोर को गिरफ्तार किया गया है। उक्त चोर को बाइक के मालिक ने ही पकड़ा और उसे पुलिस के हवाले कर दिया है। अब पुलिस बाइक चोर से पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार गौरव यादव निवासी ठकुरपुरा आज सुबह 11 बजे तहसील कार्यालय किसी काम से आया हुआ था। यहां बताया कि उनका काम 1:30 बजे के लगभग होगा। जिस पर वह घर न जाते हुए प्लेग्राउंड पर ही बैठकर इंतजार करने लगा और बाइक को खड़ा कर दिया। कुछ देर बाद एक युवक आया और वह बाइक पर बैठ गया और काफी देर तक उस बाइक पर बैठा रहा। गौरव ने बताया कि उक्त युवक को बाइक पर बैठते हुए उसने देख लिया था। तब उसने सोचा कि कोई राहगीर होगा और ऐसे ही बाइक पर बैठ गया होगा, लेकिन कुछ देर बाद नजारा बदल गया और बाइक पर बेठा युवक उसे चालू करने का प्रयास करने लगा। इस सब पर गौरव की नजर पड़ गई और वह अपनी बाइक के पास गया तो बाइक पर बैठा युवक बोला कि यह उसकी बाइक है। जिस पर गौरव ने कहा कि अगर यह तुम्हारी बाइक है तो इसमें चाबी लगाओ। जिस पर बाइक चोर बोला कि चाबी कहीं गिर गई है और वह मिल नहीं रही है। गौरव ने बाइक चोर की कनपटी में दो तमांचे जड़ दिए और उसे पकड़ कर पूछताछ की तो उसने बताया कि उसे बाइक चुराने के 250 रूपए मिलते हैं इसलिए वह यह काम करता है। गौरव उक्त बाइक चोर को पकड़कर कोतवाली ले आया जहां पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।






Be First to Comment