शिवपुरी। बिजली कंपनी ने आज नपा को 440 वोल्ट का करंट दिया है। बिल जमा न होने के कारण नगर पालिका का कनेक्शन काट दिया गया है। कनेक्शन कट जाने के कारण नपा का कामकाज पूरी तरह से ठप हो गया।
नगर पालिका की इन दिनों माली हालत खराब है। पिछले कई महीनों से नपा ने बिजली बिल ही जमा नहीं किया। इसके चलते बिल बढ़कर 16 करोड़ 58 लाख हो गया। मसलन कंपनी के अधिकारियों ने लाइनमैन को भेज कनेक्शन ही कटवा दिया।
बिजली कंपनी के अधिकारयों ने बताया कि नगरपालिका द्वारा बिजली बिल ही नहीं जमा किया जा रहा है। जिसके चलते यह बिल बढ़कर 16 करोड़ 58 लाख हो गया है। इस कारण कनेक्शन काट दिया गया है। उधर ,कार्यालय की लाइट कटने के चलते कामकाज भी ठप्प हो गया है।
इनका है कहना
विद्युत वितरण कंपनी के महाप्रबंधक पीआर पारासर ने बताया कि नगर पालिका पर लंबे समय से राशि बकाया है इस संबंध में लगातार नगर पालिका सीएमओ से संपर्क किया था। बावजूद इसके नगरपालिका शिवपुरी के द्वारा बिजली का भुगतान नहीं किया गया, नगर पालिका को संबंध में डिमांड नोट भेजना था वह भी नहीं भेजा गया। लगातार परेशान होने के बाद आज नगर पालिका शिवपुरी के कार्यालय का कनेक्शन काट दिया गया।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी शिवपुरी शेलश अवस्थी ने बताया कि हमने विद्युत वितरण कंपनी से पिछले तीन साल का सभी कनेक्शनों की रीडिंग और रिकॉर्ड मांगा है जो कि विधुत विभाग के द्वारा उपलब्ध नहीं कराया गया। ऐसा नहीं है कि हम बिल का भुगतान नहीं करना चाहते हैं। हमने वर्ष 2019 में विद्युत वितरण कंपनी को जो 12 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया था। उपभोक्ता के रूप में हमारा अधिकार भी है कि हम अपने पैसे और बिल का हिसाब विद्युत वितरण कंपनी से पूछ सकें। हम हिसाब देखने के बाद भुगतान कर देंगे, हमने भुगतान करने से मना थोड़े ही किया है।




