करैरा सीएमओ सहित तमाम लोगों ने देखा इंदौर में गोबर प्लांट का वर्चुअल लोकार्पण
पुलिस सहायता केंद्र पर नगर परिषद द्धारा चलाया गया लाइव प्रसारण
शिवपुरी। नगर परिषद करैरा के सीएमओ मधुसूदन श्रीवास्तव द्धारा इंदौर में एशिया के सबसे बड़े गोबर गैस प्लांटस का लोकार्पण कार्यक्रम लाईव देखने के लिए व्यवस्थाएं की गईं और लोगों से उक्त कार्यक्रम में आने की अपील भी की गई। इसी के चलते शनिवार को पुलिस सहायता केन्द्र पर नगर परिषद द्धारा वर्चुअल ऑनलाईन लोकार्पण हेतु एक बड़ी स्क्रीन लगाई गई जिससे प्रधानमंत्री द्धारा इंदौर में गोबर गैस प्लांट का लोकार्पण कार्यक्रम लाईव देखा जा सके। इस अवसर पर करैरा के तमाम गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
करैरा सीएमओ मधुसूदन श्रीवास्तव ने भी लाईव प्रसारण देखने आये लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि हम लोगों को इसी तरह मिलकर कार्य करना होगा और करैरा में स्वच्छ बनाने में जीतोड मेहनत करनी होगी जिससे आने वाले समय में करैरा सफाई में अव्वल आ सके। इसके अलावा सीएमओ श्रीवास्तव ने लोगों से प्लास्टिक की थैलियों के उपयोग न करने पर भी जोर दिया और कपड़ों के थैलों का इस्तेमाल करने की सलाह दी।
जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को इंदौर के देवगुराडिय़ा स्थित ट्रेंचिंग ग्राउंड के 15 एकड़ क्षेत्र में निर्मित गोधन बायो सीएनजी प्लांट का वर्चुअल लोकार्पण किया। ‘वैस्ट टू वेल्थ’ की अवधारणा को साकार करते एशिया के सबसे बड़े बायो सीएनजी प्लांट के माध्यम से इंदौर शहर में 550 टन वेस्ट के निपटान के साथ ही प्रतिदिन 19 हजार किग्रा बायो सीएनजी गैस का उत्पादन होगा। नरेला विधानसभा क्षेत्र के करोंद में आयोजित एक कार्यक्रम के माध्यम से चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास कैलाश सारंग गोधन बायो सीएनजी प्लांट के लोकार्पण में वर्चुअली सम्मिलित हुए। इस अवसर उन्होंने कहा कि यह हमारे लिये गर्व का विषय है कि मध्यप्रदेश स्वच्छता में देश में सबसे अग्रणी राज्य बन रहा है। इंदौर का यह बायो प्लांट शहरों के गीले कचरे का प्रसंस्करण कर सीएनजी बनाने वाला एशिया का सबसे बड़े प्लांट्स में से एक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘वैस्ट टू वेल्थ’ की अवधारणा को साकार करने प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जी के सौजन्य से मध्यप्रदेश ने एक नई मिसाल कायम की है।




