शिवपुरी। नरवर क्षेत्र के कई गांवों से तमाम समस्याओं को लेकर शिवपुरी पहुंचे करीब सैंकड़ा भर से अधिक आदिवासियों ने मंगलवार करीब तीन घंटे तक कलेक्टेट के गेट पर अघोषित रूप से धरना दिया। धरने के साथ उन्होंने चक्काजाम भी कर दिया। भीड़ का कहना था कि उन्हें प्रशासन द्धारा परेशान किया जा रहा है और करैरा एसडीएम द्वारा उनकी कोई सुनवाई नहीं की जाती है। ग्रामीण एसडीएम को हटाने की मांग कर रहे थे। भीड़ तीन घंटे तक कलेक्टर से मिलने की बात कहती रही और उन्होंने दो टूक शब्दों में कह दिया कि जब तक उनकी मुलाकात कलेक्टर से नहीं होगी वह यहां से नहीं जाएंगे। अंततः कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह उनसे मिलने के लिए बाहर आए और भीड से उनकी समस्याओं के संबंध में जाना, लेकिन भीड मे शामिल लोग अपनी समस्याएं क्रमबद्ध तरीके से नहीं बता पाए। भीड़ में शामिल हर महिला अपनी-अपनी समस्या सुनाते नजर आई, ऐसे में भीड़ को बैरंग ही लौटना पड़ा।
एसडीएम को हटाने को लेकर आदिवासियों ने दिया कलेक्ट्रेट पर धरना, किया चक्काजाम / Shivpuri News




