वेदान्‍ता मल्‍टी स्‍पेशलिटी हॉस्पिटल का मंत्री राठखेड़ा ने फीता काटकर किया भव्‍य शुभारंभ / Shivpuri News

शिवपुरी। शहर के पोलोग्राउंड चौराहे के पास स्थित वेदान्‍ता मल्‍टी स्‍पेशलिटी हॉस्पिटल का भव्‍य शुभारंभ मंत्री सुरेश राठखेड़ा ने फीता काटकर किया। इस मौके पर हॉस्पिटल स्‍टाफ व सैकड़ों की संख्‍या में आमजन मौजूद थे।

शुभारंभ अवसर पर पीडब्‍ल्‍युडी राज्‍य मंत्री सुरेश राठखेड़ा ने कहा कि हमारे शहर में लगातार हॉस्पिटल की सुविधा होती जा रही है। इसका शहरवासियों को लाभ होगा खासकर ग्रामीण लोगों को विशेष लाभ होगा। मैं हॉस्पिटल के डॉक्‍टर व स्‍टाफ से कहना चाहूंगा कि वह मरीजों के प्रति अपना व्‍यवहार अच्‍छा रखे क्‍योंकि आपका व्‍यवहार अच्‍छा होगा तो आधा मरीज वैसे ही ठीक जाएगा। आप अच्‍छा काम करेंगे तो जिले में आपका नाम होगा।

वहीं पूर्व विधायक व पूर्व नपाध्‍यक्ष माखनलाल राठौर ने कहा कि हॉस्पिटल के डायरेक्‍टर डॉ. महेंद्रसिंह वर्मा व चेयरमैन डॉ. एसके बंसल बहुत ही अनुभवी है। इनके अनुभवों का लाभ हॉस्पिटल आने वाले लोगों को मिलेगा। उन्‍होंने कहा कि मनुष्‍य जीवन में नर सेवा नारायण सेवा दो प्रकार की सेवाएं होती है जिसमें जन्‍म देने वाला परमात्‍मा होता है और जीवन में जो मोड़ आते हैं उसमें सहारा देने वाला डॉक्‍टर होता है। मैं यहां के स्‍टाफ व डॉक्‍टरों को बधाई देना चाहता हूं कि उन्‍होंने शहर में सर्वसुविधा युक्‍त हॉस्पिटल खोला है।