नगर भर में रात के अंधेरे में चार टीमों ने पकड़े सैकड़ों सुअर
शिवपुरी। शहर को सुअर मुक्त बनाने का सपना अब साकार होने की कगार पर है। कल रात सीएमओ नगर पालिका शैलेष अवस्थी ने स्वयं सुअर पकड़ो अभियान की कमान खुद संभाल ली। सीएमओ के नेतृत्व में इंदौर से आई दो दर्जन से अधिक सुअर पकड़ने वाली टीम ने चार हिस्सों में बटकर सैकड़ों सुअर पकड़ लिए। रात के अंधेरे में जब सुअरों की धर-पकड़ धावा बोलकर की गई तो सुअरों की चीत्कार से वह इलाके गूंज उठे जहां के वाशिंदे सुअरों की धमाचौकड़ी से परेशान थे। कई इलाकों में लोग अपने घर की बालकनी और छतों से यह देखने के लिए आ खड़े हुए कि रात में क्या हो रहा है। जब उन्होंने लंगर और जाल में सुअरों को फसा हुआ देखा तो वह समझ गए कि शहर में नगर पालिका सुअर पकड़ रही है। जागरूक नागरिकों ने मौके पर उपस्थित सीएमओ शैलेष अवस्थी को यह भी बताया कि सुअर उनके इलाके में कहां मिल जाएंगे। सुअर पकड़ो अभियान का नेतृत्व कर रहे सीएमओ की तारीफ करते हुए कई नागरिकों ने यह भी कहा कि आपका कार्य और खुद खड़े होकर कार्य कराने की कार्यप्रणाली सराहनीय है। सुअर पकड़ने निकली टीमों का नेतृत्व एचओ अशरफ खान और सेनेट्री इस्पेक्टर योगेश शर्मा ने भी विभिन्न इलाकों में किया। सुअर पकड़ो अभियान में सूअरों की धरपकड़ की शुरूआत गुना वायपास से करते हुए झांसी तिराहा, आदर्श नगर कॉलोनी, पुरानी शिवपुरी, महल सराय, राजेश्वरी रोड, शंकर कॉलोनी, नबाव साहब रोड, हाथी खाना सहित पूरे शहर भर में सुअर पकड़े गए।
शहर हमारा, सुअर तुम्हारे का हुआ ठेका
शिवपुरी को सुअर मुक्त बनाने के बड़े काम के ठेके में शिवपुरी नगर पालिका एक पैसा भी खर्च नहीं कर रही है। सीएमओ शैलेष अवस्थी ने बताया कि जो टीम इंदौर से आई है उसे सुअर पकड़ने के बदले में कोई पैसा नहीं दिया जाएगा। यह कार्य पूरी तरह से फ्री हो रहा है। बिना पैसे के पकड़े जा रहे सुअरों को लेकर यह कहा जा सकता है कि शहर हमारा और सुअर तुम्हारे की तर्ज पर यह अभियान संचालित हो रहा है। सुअर पकड़ो अभियान में कोई बाधा न आए इसलिए पुलिस बल भी नगर पालिका की टीम के साथ उपस्थित रहा।
इनका कहना है
सुअर पकड़ो अभियान सतत चलने वाली प्रक्रिया है। पूर्व में भी सुअर पकड़े गए थे जिसके नतीजे में पहले की तुलना में सुअर शहर से पहले से काफी कम हो गए हैं। हमारा प्रयास है कि हम शिवपुरी को सुअर मुक्त बना दें इसके लिए हम हर संभव प्रयास कर रहे हैं। इंदौर से जो टीम आई है वह लगातार सुअर पकड़ेगी। कल जब हमने रात भर सुअर पकड़ो अभियान की कमान खुद संभाली तो यह देखने को मिला कि अब सुअरों की संख्या कम हो गई है।
शैलेष अवस्थी, सीएमओ नपा शिवपुरी






Be First to Comment