टीकमगढ़। पत्रिका समाचार पत्र के जिला ब्यूरो अनिल रावत के साथ कोतवाली में की गई अभद्रता के मामले में अंतत: कोतवाली टीआई प्रीति भार्गव समेत दो आरक्षकों को पुलिस कप्तान प्रशांत खरे द्वारा लाईन अटैच कर दिया गया है। पत्रकारों द्वारा किये गये विरोध प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के बाद घटना के आज दूसरे दिन ही पुलिस अधीक्षक ने मामले को संज्ञान में लेते हुये यह कार्रवाई की है। बुधवार को कोतवाली थाना में पत्रकार अनिल रावत के साथ अभद्रता का मामला सामने आया। वरिष्ठ पत्रकार अनिल रावत के साथ कोतवाली टीआई प्रीति भार्गव एवं कुछ आरक्षकों द्वारा उनका मोबाइल छीन कर झूमा झटकी कर अभद्रता की गई। जिसको लेकर पत्रकार अनिल रावत द्वारा थाना कोतवाली प्रभारी एवं आरक्षक के खिलाफ एक ज्ञापन पुलिस अधीक्षक के नाम सौंपा गया, जिसमें उनके द्वारा अपने साथ घटित हुई घटना का उल्लेख किया गया और टीआई प्रीति भार्गव, आरक्षक भुवनेश्वर अग्निहोत्री एवं अन्य पुलिसकर्मी को हटा कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की गई थी। अनिल रावत के साथ घटित हुई घटना की जानकारी जब पत्रकारों को लगी तो सभी पत्रकार एकजुट होकर थाना कोतवाली पहुंचे और वहां से पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी को सूचना दी गई थी। सूचना मिलने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित चौरसिया एवं एसडीओपी कृष्णपाल सिंह थाना कोतवाली पहुंचे और उनकी समझाइश एवं कार्यवाही किए जाने के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ। इस घटना के बाद सभी पत्रकारों द्वारा इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए घटना को लेकर एक ज्ञापन पुलिस अधीक्षक के नाम सौंपा गया था। जिसमें इस तरह की घटनाओं की निंदा करते हुए थाना कोतवाली प्रभारी प्रीति भार्गव, आरक्षक भुवनेश्वर अग्निहोत्री एवं लिप्त अन्य पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्यवाही किए जाने की मांग की गई थी। घटना के दूसरे दिनगुरुवार को पत्रकारों ने संयुक्त कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन करते हुये पुन: कार्रवाई की मांग की। इस दौरान विश्राम गृह में भी पत्रकारों की बैठक मे आगामी आंदोलन की रणनीति तैयार की गई। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार राजेन्द्र अध्वर्यु ने की। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों से कार्रवाई न होने पर शाम चार बजे तक आंदोलन धरना पर बैठने की चेतावनी दी थी, लेकिन इसकी नौबत नहीं आई। एसपी द्वारा चार बजे के पूर्व ही कार्रवाई कर पत्रकारों के आक्रोश को शांत किया। बताया गया है कि कोतवाली थाना प्रभारी प्रीति शर्मा को लाईन अटैच कर उनके स्थान पर वीरेन्द्र सिंह पंवार को थाना प्रभारी बनाया गया ।






Be First to Comment