क्योस्क संचालक से लूट करने वाले संदिग्ध दबोचे, बदमाशों ने संचालक की पत्नी का बनाया था अश्लील वीडियो / Shivpuri News

शिवपुरी। बदरवास में गुरुवार रात कियोस्क संचालक, उसकी पत्नी अाैर दो बच्चों को बंधक बनाकर तीन बदमाश 45 लाख रुपए कैश लूट ले गए। एसबीआई कियोस्क संचालक विजय सिंघल (40) पुत्र हरीचरण सिंघल निवासी एसबीआई के सामने बदरवास से रात 9 से 9:15 बजे के बीच तीन बदमाशों ने 45 लाख रु. कैश लूट लिया। विजय सिंघल के घर में ग्राउंड फ्लोर पर एटीएम लगा है, जबकि वे परिवार सहित फर्स्ट फ्लोर पर रहते हैं। बदमाशों ने एटीएम में कैश फंसा होने के बहाने कियोस्क संचालक को नीचे बुलाया। गेट खोलते ही कट्‌टा अड़ा दिया, फिर पत्नी पूजा व दो बच्चे हार्दिक व युग सिंघल को बांध दिया। बदमाश कियाेस्क संचालक के घर से 45 लाख कैश, चेन और अंगूठी लूट ली। सीसीटीवी के फुटेज किसी के हाथ न लगें, इसलिए बदमाश हार्ड डिस्क अपने संग ले गए। पुलिस ने मामले में छानबीन शुरू कर दी है।

कारोबारी के साथ घर में घुसकर हुई लूट के सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस एक्शन मोड में आ गई है। पुलिस ने कुछ घंटे बाद ही दुर्गादास चौराहे के पास स्थित लॉज से 4 बदमाशों को उठाया गया है। बताया जा रहा है कि पुलिस बदमाशों के साथ-साथ एक बैग भी ले गई है। यह चारों लोग बुधवार को ही लॉज में पहुंचे थे। पुलिस फिलहाल इस मामले में स्पष्ट रूप से कुछ भी नहीं कह रही है, हालांकि एसपी का कहना है कि हमने अलग-अलग जगह से कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है। बताया जाता है कि बदमाशों ने व्यापारी की पत्नी का अश्लील वीडियो बना लिया था और कहा कि शिकायत की तो वीडियो वायरल कर देंगे। लॉज के मैनेजर ने बताया कि उनके पास कालीचरण नाम का एक युवक आया था जिसने एटा मिर्जापुर का रहने वाला बताया और कपड़े बेचने का काम करने की जानकारी दी। आईडी देखने के बाद उसे कमरा दे दिया। लॉज के मैनेजर की माने तो उनके यहां सिर्फ कालीचरण ने आईडी लगाकर कमरा लिया था, तीन अन्य लोग कहां से आए थे, उनके नाम क्या थे, वह नहीं जानता।

खाना बनाते हुए दबोचा

बताया जा रहा है कि पुलिस ने जब तीनों बदमाशों को लॉज से दबोचा तो वह लॉज की छत पर खाना बना रहे थे। पुलिस ने पहले तो उनकी अच्छे से खातिरदारी की और फिर साथ ले गई।

एसपी राजेश सिंह चंदेल का कहना है कि हम हर तरह से पड़ताल कर रहे हैं। सीसीटीवी कैमरे भी खंगाल रहे हैं। हमने कई लोगों को संदेह के आधार पर पूछताछ के लिए उठाया है। फिलहाल कोई पुख्ता सबूत हाथ नहीं लगे हैं।