शिवपुरी| माधव नेशनल पार्क शिवपुरी में बाघ पुनर्वास से पहले विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के दौरे तेज हो गए हैं। प्रधान प्रमुख वन रक्षक (पीसीसीएफ) रमेश गुप्ता शुक्रवार की देर रात शिवपुरी पहुंचे और शनिवार को नेशनल पार्क में तैयारियों का जायजा लिया। बाघों को लाने से पहले की तैयारियां देखकर पीसीसीएफ खुश नजर आए। उन्होंने फ्री रेंज में काम कराने के लिए जल्द ही बजट जारी करने का आश्वासन दिया है। पीसीसीएफ गुप्ता ने माधव नेशनल पार्क के सेलिंग क्लब पहुंचे जहां पांच बाइक व नई गाड़ी का अवलोकन किया। पार्क के अंदर बने पेट्रोलिंग कैंप को देखा और स्टाफ से जानकारी ली। इसके बाद सतनवाड़ा क्षेत्र से लगे नेशनल पार्क के कॉरीडोर वाले हिस्से में पीसीसीएफ पहुंचे। कम समय में ही जमीन अधिग्रहण करने और जाली आदि लगाने का काम देखकर पीसीसीएफ संतुष्ट नजर आए। कॉरीडोर वाले हिस्से में चारागाह बनाया जा रहा है जिसके साथ फलदार पौधे भी लगाए जा रहे हैं। पीसीसीएफ गुप्ता ने भी अमरूद का पौध रोपा। बता दें कि फलदार पौधे लगने से शाकाहारी जानवर चारागाह में रहेंगे और टाइगर यहां अपना शिकार आसानी से बना सकेगा। इस दौरान पार्क डायरेक्टर सीएस निनामा, असिस्टेंट डायरेक्टर अनिल सोनी व पार्क स्टाफ मौजूद रहा। पीसीसीएफ ने सामान्य वन मंडल को लेकर भी व्रत से संबंधित डीएफओ की मीटिंग ली।
बाघों को लाने से पहले तैयारी देखने आए पीसीसीएफ / Shivpuri News




