व्यवसाई अपनी दुकान बंद कर घर जा रहा था तभी आरोपियों ने दिया वारदात को अंजाम
शिवपुरी। जिले के नरवर थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाली मंगरौनी में एक सर्राफा व्यवसाई से दो अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने गोली मारकर सोने चांदी से भरा बैग लूट लिया। बताया जा रहा है कि बैग में करीब 25 लाख रुपए के जेवरात रखे हुए थे।
जानकारी के अनुसार ब्रिजेश उम्र 28 वर्ष निवासी मिश्रा कॉलोनी मंगरौनी देर शाम सवा 8:00 बजे मंगरौनी कस्बे में स्थित अपनी दुकान को बंद कर अपने घर के लिए निकला तभी दुकान के सामने ही दो अज्ञात नकाबपोश बदमाश सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए जिनमें से एक बदमाश हेलमेट पहने था और दूसरा पीछे बैठा हुआ था। एक बदमाश ने ब्रिजेश के पेट में गोली मार दी जिससे बृजेश गंभीर रूप से घायल हो गया इसके बाद आरोपी बृजेश के हाथ से सोने चांदी से भरा बैग लेकर रफूचक्कर हो गए। इस घटना की जानकारी जैसे ही परिजनों और पुलिस को लगी तो सभी मौके पर पहुंचे। बृजेश को गंभीर हालत के चलते ग्वालियर रेफर किया गया है। बृजेश की गंभीर रूप से घायल हो ने के कारण फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि लूट की इस घटना में बदमाश कितने रुपए का सामान लेकर गए हैं, लेकिन बृजेश के भाई की माने तो बैग में पर्याप्त मात्रा में सोने चांदी के जेवरात थे जिनकी कीमत करीब 25 लाख रुपए थी।
पुलिस ने की चारों ओर नाकाबंदी
नरवर थाना प्रभारी सुरेश नागर ने बताया की घटना के बाद से ही क्षेत्र में सभी ओर नाकाबंदी कर दी गई है और बदमाशों की सर्चिंग की जा रही है। फिलहाल लूट की इस घटना में बदमाश कितने रुपए के जेवरात ले गए हैं यह अभी स्पष्ट नहीं है समाचार लिखे जाने तक नरवर पुलिस चित्र में सर्चिंग में जुटी हुई थी।






Be First to Comment