जयपुर। राजस्थान के अलवर जिले के कठूमर थाना क्षेत्र
के अंतर्गत अरुआ गांव में ग्रामीणों ने एक युवक को इतना पीटा कि वह गम्भीर
रूप से घायल हो गया और अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक के
परिजनों ने हत्या का मामला दर्ज कराया है।
मृतक दिनेश का एक वीडियो
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमे मृतक दिनेश जाट कह रहा है वह 50 हजार
रुपए की सुपारी लेकर अरुआ निवासी पूर्व मंडी चेयरमैन सतीश जाट और उसके
भतीजे धीरज का मर्डर करने ले लिए आया था। इनको मारने लिए जेल में बंद सुनील
ने सुपारी दी थी और उसके कहने पर वह सुनील के भाई मुकेश के पास आया था और
अरुआ गांव में रुका हुआ था।
सुपारी लेकर आए दिनेश को ग्रामीणों ने
दबोच लिया। ग्रामीणों के द्वारा पीटे जाने के बाद वह गंभीर रुप से घायल हो
गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची कठूमर थाना पुलिस ने दिनेश को गंभीर
अवस्था में कठूमर के राजकीय सामुदायिक अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी
हालत गंभीर होने पर अलवर रेफर कर दिया। अलवर में इलाज के दौरान उसकी मौत हो
गई।
परिजनों ने देर रात अस्पताल में पहुंचने के बाद हत्या का मामला
दर्ज करवाया है। परिजनों ने बताया कि दिनेश चार पांच दिन से लापता था। अलवर
जिले के कठूमर थानाधिकारी जितेंद्र कुमार स्वामी ने बताया मृतक की मौत
पिटाई से होने की बात सामने आई है। परिजनों के द्वारा रिपोर्ट दी गई है।
रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों को जल्द ही
गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



