शिवपुरी। घसारही से आगे झांसी रोड पर अचानक कार का टायर फट गया और सामने से आ रही बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक रिम के सहारे कार चलाकर भाग गया। सूचना पर देहात थाना पुलिस घटनास्थल पहुंची और घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया। फिर सड़क पर रिम से पड़ी लकीर का 8 किमी तक पीछा करके कार को पकड़ लिया।
जानकारी के मुताबिक चेतन गुप्ता (30) पुत्र श्रीनिवास गुप्ता निवासी करैरा अपनी पत्नी रुचि गुप्ता के संग बाइक से शिवपुरी आया था। एजेंसी पर बाइक की किस्त जमा करके दोनों शाम करीब 6 बजे करैरा लौट रहे थे, लेकिन शहर से 8 किमी दूर झांसी रोड पर सामने से आ रही कार क्रमांक एमपी33 सी7689 का अगला टायर फट गया। लहराते हुए कार ने बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे के बाद घायल पति-पत्नी की मदद करने की जगह चालक बिना टायर वाली कार लेकर भाग निकला। देहात थाना टीआई सुनील खेमरिया मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल भिजवाया। रिम के कारण सड़क पर लकीर खिंची चली गई और पुलिस इसी लकीर का पीछा करते हुए शांतिनगर कॉलोनी पहुंच गई, जहां कार का अगला रिम नजर आ गया। यह कार अमरीश अग्रवाल निवासी प्रगति बाजार हलवाई खाना के नाम से दर्ज है।




