
शिवपुरी। आए दिन ऑनलाइन ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं, लेकिन इसके बाद भी लोग सतर्क नहीं हो रहे हैं और ठगी का शिकार होकर हजारों रुपए गंवा रहे हैं। ऐसा ही एक मामला फिजीकल थाना क्षेत्र के तहत प्रियदर्शनी कॉलोनी में रहने वाली एक महिला के साथ घटित हो गया। ठगों ने नौकरी का लालच देकर ओटीपी पूछी और खाते से हजारों रुपए उड़ा दिए। मामले में पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर ठगी का केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार घटना 20 फरवरी की है जब प्रतिभा चौरसिया निवासी प्रियदर्शनी कॉलोनी ऑनलाईन जॉब सर्च कर रही थी। सर्च के दौरान उन्होंने एक कंपनी पर नौकरी के लिए आवेदन किया। आवेदन करने के बाद प्रतिभा के मोबाइल पर कॉल आया कि इस नौकरी के लिए आपको 10 रुपए का रजिस्ट्रेशन फॉर्म भरना होगा। जिस पर प्रतिभा ने ऑनलाइन 10 रुपए ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद दोबारा से कॉल आया कि आपके फोन पर एक ओटीपी आई होगी तो उसे बता दीजिए तो आपका रजिस्ट्रेशन कंपलीट हो जाएगा। जिस पर प्रतिभा ने ओटीपी बता दी। इसके बाद ठगों ने प्रतिभा के खाते से 40 हजार 330 रुपए निकाल लिए। जब प्रतिभा को रुपए निकाले जाने का मैसेज आया तो वह चौंक गई और तुरंत बैंक में फोन लगाकर खाता लॉक करवाया। इसके बाद उन्होंने दोबारा उसी नंबर पर फोन लगाया तो किसी ने नहीं उठाया। मामले की शिकायत प्रतिभा ने थाने में की जहां पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।






Be First to Comment