Press "Enter" to skip to content

सपाक्स का दावा 230 सीटों पर लड़ेगी चुनाव, गांधी जयंती पर बनाएगी अपनी राजनैतिक पार्टी

शिवपुरी। नोटा की मानसिकता से उभरकर आरक्षण का विरोध कर रहे सपाक्स कार्यकर्ता 2 अक्टूबर गांधी जयंती को नई राजनैतिक पार्टी बनाने की तैयारियां कर रहे हैं। इस दिन सपाक्स समाज अपनी राजनैतिक पार्टी की घोषणा के साथ ही पार्टी का झण्डा, चुनाव चिन्ह एवं चुनाव घोषणा पत्र भी जारी करेगा। यह बात सपाक्स समाज की बैठक में शामिल होने शिवपुरी आए सपाक्स समाज के प्रांतीय पदाधिकारी आरके मिश्रा ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कही। उन्होंने कहा कि सपाक्स सामान्य सीटों के अलावा अनुसूचित जाति और जनजाति के लिए आरक्षित सीटों पर भी चुनाव लड़ेगी। इन जातियों के कई संगठनों ने उनकी मांग को समर्थन देने की घोषणा की है। 
श्री मिश्रा ने मीडिया से चर्चा में कहा कि वर्तमान में सभी राजनैतिक दल सपाक्स समाज के विरोध में खड़े हैं। सपाक्स समाज अभी तक अपने अधिकारों के प्रति जागरूक नहीं था इस कारण राजनैतिक दल उसका दोहन और शोषण करते रहे हैं। सामान्य वर्ग के सहारे सत्ता में आने वाले राजनैतिक दलों को सत्ता में आने के बाद सामान्य वर्ग से कोई सरोकार नहीं रह जाता। इससे बढ़कर दुखद बात क्या होगी कि सरकार ने सर्वोच्च न्यायालय के फैसले के खिलाफ कानून बनाकर सामान्य वर्ग को अलग-थलग कर दिया है। ऐसी स्थिति में सपाक्स के पास लोकतंत्र में राजनीति मेें आने के अलावा कोई विकल्प नहीं है। हमें अपनी आवाज को उचित जगह तक पहुंचाने के लिए राजनीति की राह पकडऩी होगी और सपाक्स समाज 2018 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश से सभी 230 सीटों पर चुनाव लड़ेगा। जब उनसे पूछा गया कि क्या आरक्षित सीटों पर सपाक्स अपने प्रत्याशी उतरेगी। इस पर श्री मिश्रा का कहना था कि अनुसूचित जाति जनजाति वर्ग के भी ऐसे प्रत्याशी जो सपाक्स के एजेण्डे का समर्थन करते हैं और आर्थिक आधार पर आरक्षण की पैरवी करते हैं उन्हें सपाक्स पार्टी अपना प्रत्याशी बनाकर चुनावी रण में उतारेगी। एक पत्रकार के सवाल के जवाब में कि क्या भाजपा और कांग्रेस के असंतुष्ट और सपाक्स की विचारधारा का समर्थन करने वाले लोगों को भी प्रत्याशी बनाया जाएगा। इस पर श्री मिश्रा का कहना है कि इस सवाल का जवाब देना फिलहाल जल्दबाजी होगी, लेकिन हम हर उस व्यक्ति का समर्थन करते हैं जो सपाक्स की आवाज उठाने के लिए तत्पर रहेगा। 

30 को भोपाल में शक्ति प्रदर्शन

राजनैतिक दल की घोषणा से पूर्व सपाक्स व समाज 30 सितम्बर को भोपाल में शक्ति प्रदर्शन करने जा रहा है जिसमें जिले के अलावा प्रदेश भर से लाखों सपाक्स समाज व सपाक्स के लोग शामिल होंगे। श्री मिश्रा ने बताया कि शक्ति प्रदर्शन का उद्देश्य सरकार व राजनैतिक दलों को अपनी शक्ति व संख्याबल दिखाना है। 30 सितम्बर के शक्तिप्रदर्शन को लेकर शिवपुरी में भी तैयारियां जोरों पर हैं। सपाक्स पदाधिकारियों ने दावा किया कि जिले से हजारों सपाक्स समाज के लोग 30 सितम्बर को भोपाल पहुंचेंगे।
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!