शिवपुरी। विगत दिवस बदरवास के एक स्कूल का आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसमें एक क्लासरूम में मासूम बच्चों को पढ़ाया जा रहा है। इसके बाद नारे लगवाए जा रहे हैं। कई नारे देशभक्ति और सामाजिक समरसता वाले हैं, लेकिन 2 नारे प्रधानमंत्री मोदी को लेकर आपतिजनक लगवाए गए हैं। इसे लेकर बदरवास पुलिस ने स्कूल संचालक के विरुद्ध आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। यह वीडियो शिवपुरी जिले के बदरवास के वीटी स्कूल का है। इसके संचालक घनश्याम शर्मा खुद ये नारे लगवा रहे हैं। यह वीडियो यू-ट्यूब पर अपलोड किया गया था। इसका एक भाग कट करके वायरल हुआ है। इस बारे में जब स्कूल संचालक घनश्याम शर्मा से बात की गई तो उन्होंने बताया कि वो एपीजे अब्दुल कलाम को आदर्श मानते हैं। दुनिया को स्वामी विवेकानंद ने हिंदुत्व की चाय पिलाई थी। मेरे स्कूल में उनकी चाय का कप रखा हुआ है। मैं बच्चों को मुस्कराना सिखाता हूं, क्योंकि मैं मानता हूं कि व्यक्ति से राष्ट्र परिवर्तन होगा। उन्होंने कहा कि मैं भारत माता की जय और जय श्री राम का अर्थ और अंतर बताना चाहता हूं। मै कई प्रतियोगिताएं जीत चुका हूं। मैं नियमानुसार चलना चाहता हूं, लेकिन सरकार में चाय के बिना कुछ नहीं होता। अपनी नाराजगी बताते हुए उन्होंने कहा कि शिवपुरी के भू अर्जन कार्यालय में कुत्तों की तरह बात की जाती है। मेरी जमीन का अवैध अधिग्रहण कर लिया गया है। मैंने नियमानुसार हर कोशिश की, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। अब मैं सभी मंचों का सहारा ले रहा हूं।





