
शिवपुरी। सिरसौद के ग्राम जामखो में बीती रात्रि एक युवक ने अपने सगे छोटे भाई पर चाकू से हमला बोलकर घायल कर दिया। उक्त आरोपी ने छोटे भाई द्वारा घर के बाहर लकड़ी जलाने को लेकर घटना कारित की और आरोपी ने वहां रखी अपनी बाइक में भी आग लगा दी। पुलिस ने इस मामले में पीड़ित छोटे भाई की रिपोर्ट पर बड़े भाई के खिलाफ भादवि की धारा 324, 294, 506, 323 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है।
जानकारी के अनुसार रात्रि करीब 8 बजे पीड़ित दल सिंह पुत्र गोपाल बंजारा निवासी जामखो अपने घर के बाहर बैठा हुआ था। तभी आरोपी उसका बड़ा भाई उमेश उर्फ श्यामा वहां आया जिसने दल सिंह से कहा कि उसने उसकी लकड़ियां किससे पूछकर जलाई। जब पीड़ित ने भाई को बताया कि लकड़ियां उसने नहीं जलाई हैं इसी बात को लेकर आरोपी ने उसे गालियां देना शुरू कर दिया और इसके बाद वह अपने घर में गया जहां से वह चाकू लेकर आया और दल सिंह पर हमला बोल दिया जिससे उसके शरीर के कई हिस्से पर गंभीर चोटें आईं हैं। घटना के बाद आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर घर के बाहर खड़ी स्वयं की बाइक को आग लगाकर वहां से भाग गया।






Be First to Comment