
शिवपुरी। सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कल जयविलास पैलेस में ग्वालियर चंबल संभाग की विधानसभा सीटों के कांग्रेस दावेदारों को बुलाकर उन्हें समझाइश दी। इनमें शिवपुरी जिले की चार विधानसभा सीटों शिवपुरी, पोहरी, कोलारस और करैरा के टिकट दावेदार शामिल हैं। सिंधिया ने उनसे साफ-साफ कहा कि पार्टी जिसे टिकट दे उसका काम प्रत्येक कार्यकर्ता और टिकट के दावेदार करें अन्यथा मैं स्वयं पर्यवेक्षकों के जरिए भितरघात करने वालों पर नजर रखूंगा और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी तथा जो चुनाव में अच्छा काम करेगा उसे सरकार बनने पर सम्मानजनक ढंग से एडजस्ट किया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों में कांग्रेस की सूची अंतिम चरण में हैं। प्रत्याशी चयन हेतु स्क्रीनिंग कमेटी की बैठकेें प्रारंभ हो गई हैं और बताया जाता है कि 25 अक्टूबर के आसपास सूचियां आना शुरू हो जाएंगी, लेकिन इसके पहले सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने जयविलास पैलेस में कल जिले की चार विधानसभा सीटों के टिकट दावेदारों को बुलाया। उन्होंने दावेदारों से साफ-साफ कहा कि इस बार कांग्रेस में कोटा सिस्टम नहीं है और टिकट देना मेरे हाथ में नहीं है। सर्वे में जिसका भी नाम आएगा उसे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी टिकट देंगे। इसलिए जिसे भी टिकट मिले उसका काम पूरे मतभेद भुलाकर कांग्रेस कार्यकर्ता करें। ऐसा नहीं कि भितरघात करने वाले बच जाएंगे, उन पर कांग्रेस के पर्यवेक्षक नजर रखेंगे और मैं स्वयं अपने पर्यवेक्षकों के माध्यम से भितरघात करने वालों पर नजर रखूंगा। ऐसे भितरघातियों के लिए मेरे दरबाजे बंद हो जाएंगे, परंतु सत्ता में आने के बाद जिसने चुनाव में अच्छा काम किया है ऐसे कार्यकर्ताओं को पुरुस्कृत किया जाएगा तथा उन्हें सत्ता में एडजस्ट किया जाएगा। टिकट के दावेदारों ने सिंधिया को आश्वस्त किया कि जिसे भी टिकट मिलेगा वह उसका काम करेंगे।
शिवपुरी, कोलारस, पोहरी और करैरा से इन दावेदारों को बुलाया गया
जयविलास पैलेस में शिवपुरी जिले की चार विधानसभा सीटों शिवपुरी, पोहरी, कोलारस और करैरा के टिकट दावेेदारों को सिंधिया ने बुलाया। बताया जाता है कि दो-दो विधानसभा क्षेत्रों के टिकट दावेदारों की एक साथ बैठक की गई। कोलारस और शिवपुरी के टिकट के दावेदारों को संयुक्त बैठक में समझाइश दी गई जबकि दूसरी बैठक में करैरा और पोहरी के टिकट के दावेदारों को समझाइश दी गई। शिवपुरी से सिद्धार्थ लढ़ा, राकेश गुप्ता और छत्रपाल सिंह गुर्जर, पोहरी से सुरेश राठखेड़ा, प्रद्युम्र वर्मा पुत्र स्व. जगदीश प्रसाद वर्मा पूर्व विधायक, प्रद्युम्र वर्मा बछौरा जनपद अध्यक्ष पोहरी, हरिबल्लभ शुक्ला, एनपी शर्मा, विजय शर्मा, अखिल शर्मा, कोलारस से विधायक महेन्द्र यादव, बैजनाथ सिंह यादव जिला कांग्रेस अध्यक्ष, रविन्द्र शिवहरे नगर पंचायत अध्यक्ष कोलारस, भूपेन्द्र यादव और करैरा से विधायिका शकुन्तला खटीक के अलावा केएल राय और जसवंत जाटव को बुलाया गया था।






Be First to Comment