
सफाईकर्मियों को नहीं दिया निर्धारित मानदेय
शिवपुरी। पैसों की भूख ने लोगों को इस कदर अंधा कर दिया है कि वह इसके लिए किसी को भी नहीं छोड़ते चाहे वह कितना भी गरीब क्यों न हो इसी तरह का मामला शिवपुरी जिला अस्पताल में पोहरी विधायक प्रहलाद भारती द्वारा विधानसभा में लगाए प्रश्र के बाद उजागर हुआ है। शिवपुरी जिले में डेढ़ दर्जन से अधिक अस्पतालों में सफाई का काम करने वाली कंपनी जीवन मित्रा मुरैना ने सफाई के नाम पर करोड़ों का घोटाला कर डाला। कंपनी पर आरोप है कि उसने सफाईकर्मियों को मानदेय 2500 से 3000 रुपए दिए जबकि वह 7 से 8 हजार रुपए का भुगतान दर्शाती है। घोटाले के इस खेल में जिला, संभाग से लेकर भोपाल स्तर के अधिकारियों के संलिप्त होने की बात सामने आ रही है। जानकारी के अनुसार मेसर्स जीवन मित्रा मुरैरा का सफाई का ठेका एक साल के लिए मिला था, लेकिन विभाग के अधिकारियों ने बिना शासन के आदेश के पांच साल तक काम कराया।
स्वास्थ्य मंत्री ने दिए थे कार्रवाई के निर्देश, अफसरों ने डाला ठंडे बस्ते में
विधायक द्वारा लगाए गए प्रश्र के बाद हुए इस खुलासे के बाद विधानसभा में स्वास्थ्य मंत्री ने पूरे मामले में जांच कराकरक्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य सेवाएं ग्वालियर को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। लेकिन कार्रवाई का भरोसा देकर अफसर शांत बैठ गए हैं। बता दें कि मामले में दो बार विधानसभा में प्रश्न लग चुका है। अधिकारी अभी भी कार्रवाई के नाम पर हाथ पर हाथ धरे बैठे हैं। सूत्रों की मानें तो फर्म ने ग्वालियर में एक बैंक में सभी कर्मचारियों के खाते खोलकर एटीएम अपने पास रख लिए और इनसे पैसे निकालकर अपने हिसाब से वेतन देकर फर्जीवाड़े को अंजाम दिया जा रहा है।






Be First to Comment