![]() |
| file photo |
तीन माह में लाखों की शराब सहित वाहन किए जब्त
शिवपुरी। जिले में आबकारी विभाग में उपनिरीक्षकों एवं आरक्षकों की अत्यधिक कमी होने एवं कम संसाधनों के उपरांत भी जिलेभर में आबकारी द्वारा निर्धारित कार्य पूरी निष्ठा एवं सक्रियता के साथ करते हुए तीन माह में ताबड़तोड़ कार्रवाई कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
विधानसभा निर्वाचन 2018 के दृष्टिगत आबकारी अपराधों पर नियंत्रण हेतु जिला आबकारी अधिकारी श्रीमती वंदना पाण्डेय के नेतृत्व में समस्त कार्यपालिक अधिकारी व आबकारी बल द्वारा सघन गश्त, दबिश के दौरान ताबड़तोड़ कार्रवाई की जा रही है। आबकारी विभाग द्वारा 1 अगस्त से 10 नवम्बर तक धारा 34(1) के 437 प्रकरण बनाए जिनमें 518.24 ब.ली देशी मदिरा, 1194.2 लीटर हाथ भट्टी, 9898.5 किग्रा लहान, 315.1 ब. ली. वीयर जब्त की गई। इन प्रकरणों में 222 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। जब्त की गई मदिरा की अनुमानित कीमत 5 लाख 25 हजार 637 रुपए आंकी गई जबकि 1 लाख 40 हजार कीमत की 3 मोटरसाइकिल जब्त की गई। वहीं मप्र आबकारी अधिनियम की 1915 की धारा 34(2) के अंतर्गत तीन प्रकरण बनाए गए जिनमें तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर 108 बल्क लीटर देशी शराब और 70 लीटर हाथ भट्टी शराब कीमत 43 हजार रुपए जब्त की गई, साथ ही आरोपियों के कब्जे से तीन मोटरसाइकिल भी जब्त की गईं जिनकी कीमत 1 लाख 31 हजार 600 रुपए आंकी गई। कार्रवाई के दौरान मदिरा दुकानों का सघन निरीक्षण किया गया, साथ ही होटाल, ढाबों, कंजर डोरों पर सामूहिक दबिश की गई। मामलों को आबकारी द्वारा न्यायालय में प्रस्तुत करने की कार्रवाई की जा रही है। जिले में स्थित देशी मदिरा बॉटलिंग इकाई सीएसबी शिवपुरी, विदेशी मदिरा भण्डागार शिवपुरी, देशी मदिरा स्टोरेज भाण्डागार शिवपुरी, करैरा, पिछोर पर अधिकारियों द्वारा प्रतिदिन निगरानी रखी जा रही है।
लंबित प्रकरणों में जब्त करोड़ों की शराब का किया नष्टीकरण
आबकारी आयुक्त के पत्र क्रमांक 7-ठेका/निर्वाचन/2018/88 दिनांक 23.8.18 एवं कलेक्टर शिवपुरी के आदेश दिनांक 12.9.18 के उपरांत शिवपुरी जिले के पुलिस एवं आबकारी के न्यायालय से प्राप्त 34 (1), 34 (2) के एवं लावारिस के 2909 प्रकरण जो वर्ष 1997 से लंबित थे, के मुद्देमाल का नष्टीकरण नियमानुसार गठित समिति जिसमें डिप्टी कलेक्टर मनोज गरवार, एसडीओपी शिवपुरी सुरेश दोहरे, आबकारी अधिकारी वंदना पाण्डेय, सहायक आबकारी अधिकारी बीएल दांगी के द्वारा 18.09.2018 को प्रात: 10 बजे ग्राम ककरवाया के पास रिक्त भूमि पर किया गया। नष्टीकरण की कार्रवाई में स्प्रिट 34515 बल्क लीटर, बीयर 1332 बल्क लीटर लीटर, देशी मदिरा 14447.3 बल्क लीटर, हाथ भट्टी मदिरा 7518.15 लीटर अनुमानित कीमत 2 करोड़ 89 लाख 2769 रुपए मदिरा शामिल थी।
स्वीकृत 31 पदों में से 13 पड़े रिक्त
वैसे अमूमन आबकारी विभाग में जिलेभर में कुल 31 पद ही स्वीकृत हैं जो पुलिस के एक थाने के बराबर भी नहीं होंगे। आबकारी विभाग में सहायक जिला आबकारी अधिकारी के 4 पद स्वीकृत हैं जिनमें से एक रिक्त है, आबकारी उपनिरीक्षक के 10 पदों में से 5 रिक्त, आबकारी मुख्य आरक्षक के 5 पद जो सभी भरे हैं, वहीं आबकारी आरक्षक के 12 पदों में से 7 पद रिक्त हैं। इस प्रकार 31 स्वीकृत पदों में से 13 अब भी रिक्त पड़े हुए हैं जिससे आबकारी विभाग स्टाफ की कमी से जूझ रहा है।







Be First to Comment