
शिवपुरी। जिले के मायापुर थाना क्षेत्र के मेहरौली गाँव में सुखबाई आदिवासी निवासी भरसूला थाना बामौरकलां अपने पति समरत आदिवासी के साथ बेटी यशोदा आदिवासी को लेने उसकी ससुराल गई थी। किसी बात पर बेटी और दामाद के बीच झगड़ा हो गया। झगड़े में बीच-बचाव करने के लिए सुखवाई आई तो दामाद मानसिंह आदिवासी ने धक्का दे दिया। जिससे आरसीसी रोड के किनारे से सिर में गहरी चोट लग गई। घायल सुखबाई को पहले खनियाधाना इलाज कराया। शिवपुरी रेफर करने पर यहां भी हालत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद डॉक्टरों ने ग्वालियर रेफर कर दिया। ग्वालियर में इलाज के दौरान बुधवार को सुखबाई 40 पत्नी समरत आदिवासी की मौत हो गई है। घटना मंगलवार की सुबह 11 बजे की बताई जा रही है। सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया। वहीं मृतिका की बेटी यशोदा आदिवासी ने अपने पति मानसिंह पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले में विवेचना कर कार्रवाई की बात कह रही है।




