शिवपुरी। फिजीकल क्षेत्र में स्थित शासकीय अनुसूचित जाति बालक उत्कृष्ट छात्रावास से एक छात्र बीते रोज छात्रावास से रहस्यमय ढंग से गायब हो गया जिसकी तलाश छात्रावास प्रबंधन द्वारा की गई और जब परिजनों को बालक के गायब होने की जानकारी लगी तो छात्रावास प्रबंधन ने थाने पहुंचकर बालक के गायब होने की जानकारी दी। जिस पर पुलिस ने बालक के नाबालिग होने के कारण सुप्रीम कोर्ट की गाइड लाइन के अनुसार अज्ञात आरोपी के खिलाफ भादवि की धारा 363 के तहत कायमी कर ली है। इसके बाद रविवार को रात्रि करीब 9 बजे छात्र वापस लौटकर छात्रावास में आ गया। छात्र का कहना था कि वह अपनी मर्जी से गया था।
जानकारी के अनुसार विगत शुक्रवार की शाम पांच बजे टीव्ही टॉवर के पीछे संचालित शासकीय अनुसूचित जाति बालक उत्कृष्ट छात्रावास से 13 वर्षीय बालक अजब सिंह पुत्र छत्रप्रताप जाटव छात्रावास से अचानक कहीं गायब हो गया। छात्रावास अधीक्षक रामचरण लाल दिवाकर छात्र की हर संभव स्थान पर तलाश की, साथ ही छात्र के परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजनों ने भी अपनी रिश्तेदारी में संपर्क किया, लेकिन अजब सिंह का कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद छात्रावास अधीक्षक ने कल थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। घटना का सुखद पहलू यह रहा है कि कल ही रात्रि में छात्र वापस लौटकर छात्रावास में आ गया। छात्रावास अधीक्षक के अनुसार छात्र का कहना था कि वह अपनी मर्जी से गया था और जब उसे घर वालों की याद आई तो वह वापस लौटकर आ गया। आज घटना की सूचना छात्रावास अधीक्षक द्वारा फिजीकल थाना पुलिस को दी जिसके बाद फिजीकल पुलिस द्वारा छात्र के बयान दर्ज किए।







Be First to Comment