

कुलदीप आर्य, फतेहपुर
शिवपुरी। शहर में मूलभूत सुविधा मुहैया कराना नगरपालिका का दायित्व है, लेकिन वार्ड क्रमांक 15 फतेहपुर में स्थित जाटव मोहल्ला में नगरपालिका की अनदेखी का खामियाजा वार्डवासियों को भुगतना पड़ रहा है। वार्ड में गंदगी का अम्बार लगा हुआ है। वार्डवासियों की मानें तो वार्ड में न ही कचरा गाड़ी पहुंचती है और न ही कहीं पर डस्टबिन रखवाए गए हैं। परिणामस्वरूप जगह-जगह लगे गंदगी के ढेर लोगों के लिए मुसीबत बने हुए हैं। तलैया के पास के रहवासियों को भारी दुर्गंध का सामना करना पड़ता है, साथ ही लोगों को गंभीर बीमारियों का अंदेशा सता रहा है। सफाईकर्मी भी कचरे को वार्ड में ही एक छोटी तलैया के आसपास फेंक देते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि वार्ड में नियमित रूप से सफाईकर्मी भी नहीं पहुंचते हैं। स्थानीय लोग कई बार इसकी शिकायत वार्ड पार्षद एवं नगरपालिका में जाकर कर चुके हैं, लेकिन अभी तक इस ओर किसी ने ध्यान नहीं दिया है।
इनका कहना है
हम कई बार नगरपालिका व सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज करा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ है और समस्या जस की तस बनी हुई है।
पवन मौर्य, निवासी
वार्ड 15 फतेहपुर






Be First to Comment