जनप्रतिनिधि शिवपुरी शहर में काट रहे अवैध कॉलोनियां, प्रशासन मौन
लोक लुभावने वायदे करके लोगों को फंसा कर देते हैं प्लाट
शासन को भी लगा रहे चूना, राजस्व की भी हो रही हैं हानि
बैनर-पोस्टर लगाकर अवैध कॉलोनी में बेचे जा रहे हैं प्लॉट
शिवपुरी। शिवपुरी शहर में अवैध कॉलोनियों में धड़ल्ले से प्लॉट काटे जा रहे हैं। भूमाफिया कोई और नहीं हैं चर्चित चेहरे हैं जिनको लोग जनप्रतिनिधि और समाजसेवी के नाम से जानते हैं अपने आपको यह लोग बचाने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों को अपनी जमीन के कारोबार को बचाने के लिएं संलिप्त कर लेते हैं जिससे प्रशासन भी इन जनप्रतिनिधियों पर हाथ नहीं डालता हैं। यह खेल खुले रूप से शहर में खेला जा रहा हैं। जिसमें अधिकतर ग्रामीण लोगों को औने-पौने दामों में प्लाट एवं फ्लेट बेच दिए जाते हैं। जबकि इन कॉलोनी में कोई भी सुविधा उपलब्ध नहीं हैं। शिवपुरी में यह खेल सर्किट हाउस रोड संतोषी माता मंदिर के पास, रेलवे स्टेशन रोड, पीएस होटल के आसपास, मनियर पार्क के सामने, सोन चिरैया होटल के पास, कलेक्टर कोठी के नजदीक और बाईपास रोड,पोहरी रोड़ से लेकर सिंह निवास तक, चल रहा है। जिसमें यहां पर खुलेआम अवैध प्लॉटिंग चल रही है। शिवपुरी में अवैध कॉलोनी काटने के अलावा नियम विरुद्ध तरीके से डुप्लेक्स बनाने का काम भी धड़ल्ले से चल रहा है। इनकी भी कोई मंजूरी नहीं है और यह मकान और डुप्लेक्स अवैध रूप से बनाकर बेचे जा रहे हैं। सूत्रों की मानें तो इस पूरे खेल में भू-माफियाओं का साथ शिवपुरी का राजस्व विभाग भी दे रहा है। इसमें एसडीएम कार्यालय की भी संदिग्ध भूमिका है क्योंकि कोई भी पटवारी अपने राजस्व हल्के में होने वाली प्रत्येक गतिविधियों पर नजर रखते हैं लेकिन शिवपुरी शहर में पटवारी इस पूरे खेल में साइलेंट पार्टनरशिप में काम कर रहे हैं और खुद प्लॉट कटवा रहे हैं। इसके बाद भी कलेक्टर सहित दूसरे अधिकारियों द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
कॉलोनी काटने का कोई लाइसेंस नहीं,और न ही टाउन एंड कंट्री प्लानिंग से कॉलोनी पास
शिवपुरी में ग्वालियर वायपास रोड, सर्किट हाउस रोड, रेलवे स्टेशन रोड, पीएस होटल के पास, संतोषी माता मंदिर,मनियर पार्क के सामने, केटीएम कॉलेज के पास अवैध कॉलोनियां काटी जा रही हैं। कॉलोनी काटने वाले भूमाफियाओं के पास किसी भी तरह का कॉलोनाइजर का लायसेंस नहीं है, न ही टाउन कंट्री प्लानिंग से इनको पास किया गया है। खुलेआम सरकार को टैक्स का चूना लगाया जा रहा है। भूमाफिया अवैध कॉलोनियां काटकर लोगों को भ्रमित करके प्लाट बेच रहे हैं जिससे आने वाले समय में लोगों को भी परेशानी होगी।
पटवारियों की मिलीभगत से फल फूल रहा धंधा
इस पूरे खेल में शिवपुरी शहर में बरसों से पदस्थ कुछ पटवारियों की संलिप्तता सामने आ रही है। बताया जाता है कि तीन पटवारी तो खुलेआम भू-माफियाओं के साथ अवैध कॉलोनी कटवा कर प्लॉट बेचने का धंधा कर रहे हैं। सरकार से तनख्वाह लेने के साथ-साथ अवैध कॉलोनी काटकर अपनी जेब भरने वाले इन पटवारियों की कई बार शिकायत भी कलेक्टर और अन्य अधिकारियों से हो चुकी है। इसके बाद भी इन पर कोई कार्यवाही नहीं हो रही है और यह पटवारी साइलेंट पार्टनरशिप में अवैध कॉलोनी काटने के धंधे में संलिप्त हैं।






Be First to Comment