Press "Enter" to skip to content

बड़ी खबर अरिहंत फर्नीचर सहित कई व्यवसायी बना रहे अवैध तलघर | Shivpuri News

जानकारी के बाद भी नगरपालिका के जिम्मेदार नहीं करते कार्यवाही

सुनील रजक शिवपुरी। शहर के व्यस्ततम बाजार व रिहायशी इलाकों में बिना नगरपालिका की परमीशन लिए तलघरों का निर्माण बेरोकटोक किया जा रहा है। चौंकाने वाला पहलू यह है कि कब्जे हटाने के नाम पर लोगों का रोजगार छीनने वाली नगरपालिका के जिम्मेदार सब कुछ देखकर भी आंखें मूंदे बैठे हैं। शहर के बीचों बीच न्यूब्लॉक क्षेत्र में प्रतिष्ठित फर्नीचर व्यवसायी अरिहंत फर्नीचर वालों द्वारा बड़े स्तर पर तलघर का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा वशिष्ठ भवन से सटे प्लॉट में 10 फिट आगे जगह छोड़कर तलघर निर्माण किया जा रहा है। अवैध तलघर निर्माण रोकने की जिम्मेदारी नपा की है। नगरपालिका के अधिकारी तलघर निर्माण को अवैध तो मान रहे हैं, लेकिन नगरीय क्षेत्र के रिहायशी व बाजार में चल रहे इन निर्माण कार्यों पर कार्रवाई के नाम पर नोटिस तक नपा ने जारी नहीं किया। यानि नपा के जिम्मेदार खुद भी यह चाहते हैं कि शहर में अवैध तलघर यूं हीं बनते रहें। सूत्रों की मानें तो तलघर बनाने वाले पहले ही नपा के जिम्मेदारों को चुप रहने की सुविधा शुल्क भेज देते हैं, यही वजह है कि वे सब कुछ देखकर भी अनजान बन जाते हैं और किसी तरह की कार्रवाई नहीं करते हैं।
न्यू ब्लॉक चौराहे के पास चल रहा निर्माण
एक पुराने भवन को तोड़कर उस पूरी जमीन पर तलघर की खुदाई की गई। बीच बाजार रिहायशी इलाके में तलघर खोदने के लिए जेसीबी जैसी बड़ी मशीनरी नीचे उतार दी गईं। इन रास्तों से होकर नगरपालिका सहित अन्य प्रशासन के जिम्मेदार अधिकारी गुजरते रहे, लेकिन किसी ने तलघर निर्माण के संंबंध में न तो जानकारी ली और न ही उसे रुकवाने का प्रयास किया। निर्माण कार्य इतनी तेजी से किया जा रहा है कि चंद दिनों में ही यहां आलीशान कोठी नजर आएगी। 
सदर बाजार टेकरी नरसिंह मंदिर के सामने हो रहा निर्माण
यहां पर भी एक पुराने भवन को तोड़कर तलघर की खुदाई कर दी गई और तेजी से यहां भी निर्माण कार्य चल रहा है। चूंकि इस तलघर के दोनों ओर दो से तीन मंजिला मकान हैं, जिसमें रहने वाले लोग भी सहमे हुए हैं। क्योंकि तलघर की खुदाई के दौरान आसपास के भवनों की नींव तक हिलने लगती हैं। तलघर बनाने वाले आमजन की नजरों से काम को छुपाने के लिए महज दिखावे के लिए चारों तरफ टीनशेड लगा देते हैं। बताते हैं कि शहर के झांसी तिराहा स्थित एक दुकान से ये टीनशेड किराए पर दी जाती हैं। 
पड़ोसियों के लिए खतरनाक है तलघर निर्माण
जानकारों की मानें तो तलघर के निर्माण में कई तरह की तकनीकी सलाह के साथ निर्माण कराना आवश्यक होता है। ऐसा नहीं करने पर तलघर के कारण कभी भी मकान क्षतिग्रस्त हो सकता है। इससे आसपास रहने वाले लोगों और राहगीरों को परेशानी हो सकती है। वर्तमान में नगर में कई तलघर तो बगैर इंजीनियर की सलाह के बनाए जा रहे हैं। जो भविष्य में स्वयं भूस्वामी सहित पड़ोसियों के लिए भी खतरनाक हो सकते हैं। लेकिन इतना सब होने के बाद भी इन तलघरों का निर्माण थमता नजर नहीं आ रहा है। 
इनका कहना हैं
-आपके द्वारा मामला संज्ञान में लाया गया है, मामले को गंभीरता लेकर तत्काल प्रभाव से कार्यवाही की जाएगी।
केके पटेरिया
सीएमओ नगरपालिका शिवपुरी

-मेरे पास इस तरह की कोई संबंधित फाइल नहीं आई है।
साहिल मेंदावाला, प्रभारी क्षेत्र संबंधित
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!